मध्य प्रदेश

लोग लगा रहे नगर की स्वच्छता को बट्टा, हर कहीं फेंक रहे कचरा

ब्यूरो चीफ ‘: शब्बीर अहमद
बेगमगंज । स्वच्छता को लेकर नगर पालिका द्वारा शहर के लोगों को जागृत करने के लिए भरसक प्रयत्न किए गए कुछ हद तक प्रशासक कार्य काल में लोग सड़क पर कचरा फेंकने से कतराते रहे क्योंकि उनके खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करना जो शुरू कर दिया था। लेकिन नगर परिषद के पावर में आते ही लोग प्रशासनिक कार्यवाही से बेफिक्र नजर आने लगे हैं और त्योहारों के मद्देनजर घर का सारा कूड़ा करकट पुराने घूरा स्थलों पर फेंकते दिखाई दे रहे हैं । जबकि नगर पालिका की कचरा गाड़ियां सुबह शाम कचरा नहीं फेंकने की चेतावनी देते हुए घर घर से कचरा उठाने के लिए शहर के 18 वार्डों में टाइम टू टाइम घूम घूमकर कचरा उठाती नजर आती हैं उसके बावजूद लोगों की लापरवाही शहर की सुरक्षा पर ग्रहण लगा रही है। जिससे सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के इरादों पर पानी फिर रहा है। नगर पालिका के सफाई कामगार घर घर से कचरा उठाने के बावजूद अब घूरो पर से भी कचरा उठाने के लिए विवश हो गए हैं। शाम के समय कचरा गाड़ियां कचरा समेट कर ले जाती हैं लेकिन रात से लेकर सुबह तक सड़क किनारे बने घूरों पर ढेर सारा कचरा फेंक दिया जाता है जिसे सूअर, कुत्ते और आवारा मवेशी फैला देते हैं। इस कारण रास्तों पर गंदगी नजर आने लगती है। सुबह सवेरे मंदिर और मस्जिद जाने वाले या स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए ऐसी ही गंदगी के बीच से निकल कर जाना मजबूरी बना हुआ है।
लोग जन चर्चा करते हुए नजर आ रहे हैं कि एसडीएम अभिषेक चौरसिया के शासन काल में व्यापारी तक सड़क पर डला हुआ कचरा समेटकर डस्टबिन में एकत्रित करके रखते थे और कचरा उठाने के लिए आने वाली गाड़ी में डालकर स्वच्छता के अभियान को बढ़ावा देते थे । उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई होती थी जिससे प्रशासक का डर लोगों के दिलों में बैठा हुआ था। लेकिन अब वह डर निकल गया है और लोग विभिन्न स्थानों पर कचरा फेंकने से बाज नहीं आ रहे हैं। कुछ लोगों ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि पुराने घूरा स्थलों पर कचरा फेंकने के लिए कुछ पार्षदों की भी मूक सहमति उन्हें मिली हुई है। यदि ऐसा है तो यह नगर को स्वच्छ बनाने में रोड़ा साबित होगा।
इस तरह कचरा फेंकने से फैलने वाली गंदगी के नजारे सुबह सवेरे गांधी बाजार रोड शिवालय मंदिर के सामने, पुराना स्टैंड सागर रोड सहित शहर के अंदरूनी इलाकों में देखे जा सकते है।
जब इसकी जानकारी नापा अध्यक्ष संदीप लोधी को लगी तो उन्होंने ऐसे ही स्थलों का निरीक्षण कर दरोगा को निर्देश दिए की साफ सफाई के साथ कचरा फेंक कर गंदगी फैलाने वालों पर नजर रखें ताकि उन्हें चेतावनी देकर रोका जा सके यदि उसके बाद भी नहीं मांनेगे तो उनके खिलाफ विधिवत कार्रवाई करवाई जाएगी। उन्होंने आमजन से नगर को साफ सुथरा रखने का आह्वान भी किया।
इस संबंध में सीएमओ धीरज शर्मा का कहना है कि स्वच्छता अभियान को गति देने के लिए घर-घर से कचरा उठवाया जा रहा है उसके बावजूद जो लोग कचरा बाहर फेंक रहे हैं उनके खिलाफ विधिवत कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

Back to top button