कलेक्टर ने चार विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ सहित मतदान कर्मचारियो को दिया प्रतिक्षण
ब्यूरो चीफ : मनीष श्रीवास
जबलपुर। जबलपुर जिले में मतदाता सूची के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत नये मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने, सूची से नाम काटने तथा संशोधन के सबन्ध में रविवार को जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों के पाटन, बरगी, पनागर और सिहोरा के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का जिला मुख्यालय पर चार अलग-अलग स्थानों पर प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ ।
प्रशिक्षण के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों को मतदान के प्रति जागरूकता पैदा करने चलाई जा रही स्वीप की गतिविधियों की जानकारी भी दी गई । प्रशिक्षण कार्यक्रमों को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने भी संबोधित किया। पीएसएम कॉलेज, मॉडल स्कूल, मानस भवन और वेटरनरी कॉलेज में आयोजित इन प्रशिक्षणों में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर मिशा सिंह, चारों विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सेक्टर अधिकारी भी मौजूद थे ।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर सौरभ सुमन ने अपने संबोधन में बूथ लेवल अधिकारियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की गतिविधियों के अंतर्गत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, पूर्व में दर्ज किसी अन्य मतदाता या आवेदनकर्त्ता से स्वयं का नाम हटाने का तथा सूची में दर्ज प्रविष्टियों में सुधार के फार्म 6, 7 और 8 में प्राप्त दावे-आपत्तियों के निराकरण के सबंध में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं तकनीकी पहलुओं से विस्तार से अवगत कराया ।
वही जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों को मतदान का प्रतिशत बढाने के लिये अपने मतदान केंद्र से सबंधित क्षेत्र में स्वीप की गतिविधियां बढाने के भी निर्देश दिये । उन्होंने कहा कि बूथ लेवल अधिकारियों को विगत चुनावों में जहाँ-जहाँ मतदान कम हुआ था, वहाँ उसके कारणों का पता लगाना होगा तथा उसे दूर करने और मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढाने काम करना होगा ।
कलेक्टर ने प्रशिक्षण में मौजूद सेक्टर अधिकारियों को इस कार्य में अपने सेक्टर के बूथ लेवल अधिकारियों का सहयोग करने मार्गदर्शन देने और स्वीप की गतिविधियों की मॉनिटरिंग करने कहा । उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्विघ्न निर्वाचन के लिए निर्वाचन तंत्र से जुड़े सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करना होगा । उन्होंने मतदान केंद्रों में मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया । जिलाधिकारी
सौरव सुमन ने कहा कि मेरा मतदान केंद्र सबसे अच्छा मतदान केंद्र हो इस भावना के साथ बूथ लेवल अधिकारियों और सेक्टर अधिकारियों को प्रयास करना होगा। प्रत्येक मतदान केंद्र आदर्श मतदान केंद्र हो इसके लिये व्यक्तिगत या जनसहभागिता से प्रयास करने होंगे। उन्होंने स्वीप की गतिविधियों के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र चलाये जा रहे प्रचार रथ की गतिविधियों पर मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने बताया कि इन प्रचार रथों से ऑडियो- वीडियो एवं प्रचार सामग्री के माध्यम से इव्हीएम और व्हीव्हीपेट मशीनों से कैसे मतदान किया जाता है इसकी जानकारी भी मतदाताओं को दी जा रही है ।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सेक्टर अधिकारियों को बेहतर कार्ययोजना बनाकर और रुटचार्ट बनाकर प्रचार रथों का मूवमेंट तय करने कहा। उन्होंने कहा कि स्वीप अभियान को गंभीरता से लेना होगा, ताकि मतदान प्रतिशत अधिक से अधिक हो। सौरभ सुमन ने प्रशिक्षण के दौरान सेक्टर अधिकारियों को वल्नरेबल और संवेदनशील मतदान केंद्रों को चिन्हित करने के निर्देश भी दिये । उन्होंने कहा कि सेक्टर अधिकारियों का अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों से लगातार संपर्क में रहना होगा । उन्होंने दिव्यांग और वृद्ध मतदाताओं को मतदान की सुविधा देने के निर्वाचन आयोग के नवीनतम निर्देशों से तथा ग्रीन बूथ बनाये जाने के सबंध में जारी दिशा-निर्देशों से भी बूथ लेवल अधिकारियों और सेक्टर अधिकारियों को अवगत कराया ।



