फूलवती बाई के जीवन में मसाला उद्योग बना आर्थिक उन्नति का आधार

रायसेन । रायसेन जिले की सिलवानी तहसील के ग्राम धोलपुर निवासी फूलवती बाई कभी आर्थिक संकटों से घिरी थी। परिवार पूरी तरह से कृषि पर निर्भर था, लेकिन संसाधनों के अभाव में कृषि से आमदनी बेहद कम थी। जिस कारण परिवार को चलाने व मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करने में बहुत समस्याओं का सामना करना पडता था। लेकिन आजीविका मिशन से जुड़कर अब वह भी आत्मनिर्भर बन गई हैं। फूलवती बाई ने शारदा स्व-सहायता समूह का गठन किया और उसमें 10 सदस्यों को सम्मलित किया। साथ ही वह स्वयं सचिव के रूप में समूह की बचत से लेकर आंतरिक लेन-देन पर जोर दिया। उनके समूह को बैंक लिंकेज राशि 40000 रूपये प्राप्त हुई, इससे फूलवती बाई का मनोवल बढा। फूलवती बाई ने स्वयं का रोजगार शुरू करने के लिए पीएमएफएमई योजना के तहत 5 लाख रुपए का ऋण लेकर मसाला चक्की क्रय की तथा मसाला पिसाई का व्यवसाय शुरू किया। इससे फूलवती बाई को प्रतिमाह लगभग आठ से दस हजार रू की आमदनी हो जाती है तथा उनकी वार्षिय आय लगभग डेढ़ लाख रू तक हो जाती है। अब श्रीमती फूलवती बाई अपने व्यवसाय को विस्तार देने की योजना बना रही हैं।



