132 KV बिजली टावर पर चढ़ा युवक, दो घंटे से मचा हड़कंप; पुलिस और परिजन कर रहे नीचे उतारने का प्रयास
एक साल पुराने विवाद में न्याय की गुहार लगा रहा सोनू अहिरवार, सुरक्षा के मद्देनजर 132 केवी बिजली लाइन कराई गई बंद
रिपोर्टर : मधुर राय
रायसेन। रायसेन जिले के बरेली क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब सोनू अहिरवार नाम का एक युवक 132 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि युवक पिछले करीब दो घंटे से टावर पर चढ़ा हुआ है। मौके पर पुलिस टीम और परिजन मौजूद हैं, जो लगातार युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब एक साल पहले गांव में सोनू अहिरवार का कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई भी हुई थी। अब युवक एक बार फिर इसी मामले में न्याय की गुहार लगाते हुए बिजली टावर पर चढ़ गया है।घटना की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से 132 केवी बिजली लाइन को बंद कराया गया है। बरेली पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाइश दी जा रही है। परिजन भी लगातार उसे सुरक्षित नीचे आने के लिए मना रहे हैं।फिलहाल पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता युवक को सुरक्षित नीचे उतारना है। युवक के टावर पर चढ़ने के पीछे की परिस्थितियों और उसकी मांग को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।



