गोदाम प्रभारी पर बदमाशों का चाकू से हमला, दोनों हाथों में लगे चाकू फिर भी बैग नहीं छोड़ा

रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
उदयपुरा । रायसेन जिले के उदयपुरा में मंगलवार की शाम लगभग पौने छह बजे लुटेरों ने फेडरेशन गोदाम के प्रभारी पर हमला कर लूटने का प्रयास किया। लुटेरों ने साजिश रचकर गोदाम प्रभारी को घायल कर उनसे बेग छीनने की कोशिश की, परन्तु वह कामयाब नहीं हो सके, हालांकि इस पूरी घटना में फेडरेशन गोदाम प्रभारी सुनील कुमार साहू के दोनों हाथों में चाकू से वार किए गए। जिसमें उन्हें मामूली चोटें जरूर आई।
गोदाम प्रभारी ने बताया कि वह रोजाना की तरह गले मे बेग टांगे हुए गोदाम से अपने घर जा रहे थे, तभी बर्फ फैक्टरी के थोड़े आगे अचानक पीछे से एक युवक ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। उनके दोनों हाथों पर चाकू से वार किया, परन्तु आरोपी उनका बेग छीनने में सफल नहीं हुआ। आनन फानन में आरोपी ने दौड़ लगा दी और थोड़े ही आगे उसका दूसरा साथी बाइक लिए अपना मुंह बांधे खड़ा था। जिससे दोनो भाग गए। घटना के बाद सुनील साहू ने अस्पताल पहुंच कर उपचार कराने के बाद थाने में सूचना दी। टीआई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। उल्लेखनीय है कि इसी रास्ते पर विगत सप्ताह एक महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने का प्रयास एक बाइक सवार लुटेरे ने किया था। हालांकि उस घटना के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।



