गैस संकट या सिस्टम की नाकामी ? नगर में सिलेंडर पर हाहाकार

सिलवानी। खाड़ी देशों में बढ़ते अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच अब इसका असर स्थानीय स्तर पर भी देखने को मिल रहा है। सिलवानी नगर में रसोई गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर गंभीर स्थिति बनी हुई है। आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल रही, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
जानकारी के अनुसार, नगर में गैस सिलेंडर बुक कराने के बाद उपभोक्ताओं को डिलीवरी के लिए करीब 45 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि नगरीय क्षेत्र में गैस वितरण का निर्धारित प्रावधान अधिकतम 30 दिन का है। इस देरी से उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि सिलवानी नगर को गैस वितरण व्यवस्था में ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत जोड़ दिया गया है, जिसके कारण यह समस्या उत्पन्न हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई का अंतराल अधिक होने से नगरवासियों को भी उसी व्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है।
गृहणियों का कहना है कि गैस की समय पर उपलब्धता न होने से उन्हें मजबूरी में लकड़ी या अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे न सिर्फ असुविधा बढ़ रही है बल्कि अतिरिक्त खर्च और परेशानी भी झेलनी पड़ रही है।
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सिलवानी को पुनः नगरीय श्रेणी में शामिल कर समय पर गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।



