कृषि

समर्थन मूल्य पर उपज उपार्जन हेतु किसान पंजीयन की अंतिम तिथि 10 मार्च

रायसेन । रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन के लिये किसान पंजीयन की अंतिम तिथि 10 मार्च निर्धारित कि गई है। रायसेन जिले में गेहूॅ उपार्जन हेतु किसानों की सुविधा के लिए बनाए गए पंजीयन केन्द्रों पर अब किसान भाई 10 मार्च 2026 तक शासकीय कार्य दिवसों में निःशुल्क पंजीयन करा सकते हैं। किसान इन पंजीयन केन्द्रों के अतिरिक्त मोबाईल एप, ग्राम पंचायत कार्यालय में स्थापित सुविधा केन्द्र, तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र पर निःशुल्क पंजीयन करा सकते हैं। इनके अतिरिक्त एमपी ऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेन्टर कियोस्क, लोक सेवा केन्द्र और निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे पर अधिकतम 50 रूपए भुगतान कर पंजीयन करा सकते हैं।
किसान पंजीयन के लिए भूमि संबंधी दस्तावेज़ एवं किसान के आधार कार्ड एवं अन्य फोटो पहचान-पत्रों का समुचित परीक्षण कर उनका रिकार्ड रखा जाना अनिवार्य होगा। फसल के भुगतान हेतु बैंक खाता किसान द्वारा समर्थन मूल्य पर विक्रय उपज का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किसान के आधार लिंक बैंक खाते में किया जाएगा। किसान के आधार लिंक बैंक खाते में भुगतान करने में किसी कारण से समस्या उत्पन्न होने पर किसान द्वारा पंजीयन में उपलब्ध कराये गए बैंक खाते में भुगतान किया जा सकेगा। किसान पंजीयन के समय किसान को बैंक का नाम खाता नंबर और आईएफएससी कोड की जानकारी उपलब्ध करानी होगी। अक्रियाशील बैंक खाते, संयुक्त बैंक खाते एवं फिनो, एयरटेल, पेटीएम, बैंक खाते पंजीयन में मान्य नहीं होंगे। पंजीयन व्यवस्था में बेहतर सेवा प्राप्त करने के लिए यह जरूरी होगा कि किसान अपने आधार नंबर से बैंक खाता और मोबाईल नंबर को लिंक कराकर उसे अपडेट रखें।

Related Articles

Back to top button