मध्य प्रदेश

जिला पंचायत सदस्य के 18 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 101 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में

प्रेक्षक की उपस्थिति में रिटर्निंग ऑफीसर दुबे ने जिला पंचायत सदस्य पद के अभ्यर्थियों को प्रतीक चिन्हों का किया आवंटन
नाम वापसी की अंतिम तिथि तक 124 में से 23 अभ्यर्थियों ने लिए नाम वापस
रायसेन ।
त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन-2022 के तहत जिला पंचायत निर्वाचन के 18 क्षेत्रों के लिए नाम निर्देशन वापसी की अंतिम तिथि 10 जून 2022 को अपरान्ह 03 बजे के उपरांत राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा स्थानीय निर्वाचन के लिए नियुक्त प्रेक्षक अजातशत्रु श्रीवास्तव की उपस्थिति में रिटर्निंग अधिकारी अरविन्द कुमार दुबे द्वारा जनपद पंचायत सदस्य पदों के निर्वाचन हेतु 101 अभ्यर्थियों को निर्वाचन प्रतीक चिन्हों का आवंटन किया गया। उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत सदस्य के 18 पदों के निर्वाचन हेतु 124 अभ्यर्थियों के नाम निर्देशन पत्र विधि सम्मत पाए गए थे। इन अभ्यर्थियों में से नाम निर्देशन वापसी की अंतिम तिथि 10 जून को दोपहर 03 बजे तक कुल 23 अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन पत्र वापस लिए गए हैं। इस प्रकार अब जिला पंचायत सदस्य के 18 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 101 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।
त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत प्रथम चरण जिले के विकासखण्ड सिलवानी तथा बाड़ी में, द्वितीय चरण में विकासखण्ड उदयपुरा, गैरतगंज तथा बेगमगंज में एवं तृतीय चरण में विकासखण्ड सॉची तथा औबेदुल्लागंज में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव सम्पन्न होंगे। प्रथम चरण का मतदान 25 जून 2022 को, द्वितीय चरण का मतदान 01 जुलाई 2022 को तथा तृतीय चरण का मतदान 08 जुलाई 2022 को सम्पन्न होगा। मतदान प्रातः 07 बजे से अपरान्ह 03 बजे तक सम्पन्न होगा। निर्वाचन कार्यक्रम के तहत पंच, सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य पद की मतगणना का सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा 14 जुलाई 2022 को की जाएगी। जिला पंचायत सदस्य पद हेतु जिला स्तरीय सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा 15 जुलाई 2022 को की जाएगी।
जिले की 521 ग्राम पंचायतों में हैं कुल 725684 मतदाता
जिले में त्रि-स्तरीय पंचायतों की मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन दिनांक 10 मई 2022 की स्थिति में जिले की सातों जनपद पंचायतों की 521 ग्राम पंचायतों में कुल 725684 मतदाता है। जिनमें 384291 पुरूष मतदाता, 341369 महिला मतदाता एवं 24 अन्य मतदाता शामिल हैं। सॉची जनपद की 83 ग्राम पंचायतों के 239 मतदान केन्द्रों में 129330 मतदाता हैं जिनमें 67668 पुरूष मतदाता, 61658 महिला मतदाता एवं चार अन्य मतदाता शामिल हैं। इसी प्रकार गैरतगंज जनपद की 56 ग्राम पंचायतों के 149 मतदान केन्द्रों में कुल 80095 मतदाता हैं जिनमें 42617 पुरूष मतदाता, 37473 महिला मतदाता एवं पॉच अन्य मतदाता शामिल हैं।
इसी प्रकार बेगमगंज जनपद की 65 ग्राम पंचायतों के 159 मतदान केन्द्रों में 81195 मतदाता हैं जिनमें 43618 पुरूष मतदाता, 37577 महिला मतदाता शामिल हैं। सिलवानी जनपद की 72 ग्राम पंचायतों के 180 मतदान केन्द्रों में कुल 99170 मतदाता हैं जिनमें 51920 पुरूष मतदाता, 47249 महिला मतदाता एवं एक अन्य मतदाता शामिल है। उदयपुरा जनपद की 68 ग्राम पंचायतों के 155 मतदान केन्द्रों पर 87484 मतदाता हैं जिनमें 46415 पुरूष मतदाता 41067 महिला मतदाता एवं दो अन्य मतदाता शामिल हैं। बाड़ी जनपद की 106 ग्राम पंचायतों के 275 मतदान केन्द्रों पर 145781 मतदाता हैं जिनमें 78062 पुरूष मतदाता, 67718 महिला मतदाता एवं एक अन्य मतदाता शामिल है। औबेदुल्लागंज जनपद की 71 ग्राम पंचायतों के 204 मतदान केन्द्रों में कुल 102629 मतदाता हैं जिनमें 53991 पुरूष मतदाता, 48267 महिला मतदाता एवं 11 अन्य मतदाता शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button