जल कर बकायादारों के काटेंगे कनेक्शन संपत्ति कर वसूली के लिए कुर्की के नोटिस

सिलवानी । नगर परिषद ने जल कर, संपत्ति कर और अन्य करों के बकायादारों से राशि वसूलने के लिए सख्ती शुरू कर दी है। इस वसूली के लिए नगर परिषद के कर्मचारी अब घर-घर दस्तक दे रहे हैं। जो लोग राशि जमा करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं, उनके नल कनेक्शन मौके पर ही काटे जा रहे हैं। साथ ही, संपत्ति कर वसूलने के लिए भी कुर्की की कार्रवाई करने संबंधी नोटिस थमाए जा रहे हैं। नप को 71.94 लाख संपत्ति कर और 27 लाख जल कर की वसूली करना है।
जल कर और संपत्ति कर की वसूली न हो पाने से नगर परिषद की आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है। स्थिति यह बन गई है कि परिषद को कर्मचारियों का वेतन बांटना तक मुश्किल होने लगा है। नगर के लोगों पर जल कर और संपत्ति कर के रूप में लाखों रुपए चढ़ गए हैं। करों की राशि वसूल करने के लिए परिषद के कर्मचारियों को जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। सीएमओ ने कर्मचारियों को करों की वसूली करने के सख्त निर्देश दिए हैं। वसूली नहीं करने पर कर्मचारियों का वेतन रोकने की कार्रवाई भी की जाएगी, जिससे कर्मचारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
आमजन को भी समय पर टैक्स भरना जरूरी नगर पालिका सीएमओ का कहना है कि समय पर टैक्स जमा करने से नगर परिषद को विकास कार्यों में आसानी होगी। सड़क, पानी, नाली जैसी सुविधाएं बेहतर होंगी। सिलवानी के 15 वार्डों में 25 हजार से ज्यादा लोग रहते हैं। नगर परिषद की जिम्मेदारी है कि उन्हें सभी सुविधाएं मिलें। यदि लोग हर महीने टैक्स जमा करें तो बकाया नहीं बढ़ेगा और नप को वसूली में ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी।
नगर परिषद अध्यक्ष रेशू विभोर नायक का कहना हैं कि नगर परिषद जल्द ही सभी बकायादारों से राशि वसूलने के लिए अभियान चलाएगी। जो लोग तय समय में टैक्स नहीं चुकाएंगे, उनके खिलाफ नियम अनुसार कार्रवाई होगी।



