बेगमगंज के 527 शिक्षकों का 2 करोड़ 28 लाख का अटका वेतन

शिक्षा विभाग का बजट खत्म
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । तहसील के 427 प्राइमरी शिक्षकों का माह फरवरी 2026 का वेतन अभी तक नहीं मिलने से शिक्षकों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इसको लेकर शिक्षकों में आक्रोश है ।
उन्होंने आरोप लगाया है कि दिनांक एक से पांच तारीख तक हर हाल में वेतन मिल जाता था लेकिन इस बार एक पखवाड़ा बीत जाने के बाद भी आज 22 मार्च तक वेतन नहीं मिला है जबकि त्योहारों का सीजन चल रहा है और ऐसे में शिक्षक आर्थिक तंगी से परेशान है।
प्राइमरी शिक्षकों ने शिक्षा विभाग शिक्षा विभाग के अधिकारियों से तत्काल वेतन वितरण किए जाने की मांग की है।
इस संबंध में शिक्षा विभाग से संपर्क किए जाने पर पता चला कि बजट नहीं होने के कारण उनका वेतन नहीं आ पाया है। शिक्षकों द्वारा बताया गया कि उनके सर्विस काल में पहली बार ऐसा मौका आया है ।
जब उन्हें आज दिनांक 22 मार्च तक पिछले माह फरवरी का वेतन नहीं मिला है ।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र श्रीवास्तव से संपर्क किए जाने पर उन्होंने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर दोनों मदों में बजट उपलब्ध कराने के लिए लिखा गया है ।
एक मद में 1 करोड़ 95 लाख 36 हजार 70 रुपए एवं दूसरी मद में 32 लाख 92 हजार 640 रुपए का बजट आना है लेकिन बजट अप्राप्त होने के कारण प्राइमरी शिक्षकों को माह फरवरी 2026 का वेतन नही दिया गया है। बजट आवंटन के लिए पूर्व में ही दिनांक 6 मार्च 2026 को जिला शिक्षाधिकारी को पत्र भेज दिया था । जब बजट उपलब्ध होगा तब वेतन वितरण कर दिया जाएगा।



