पत्नी को ढूंढने पति पुलिस की शरण में
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । निकटवर्ती ग्राम कोहनिया में एक मजदूर की पत्नी अचानक लापता हो गई पत्नी की तलाश में भटक रहा पति आखिरकार पुलिस की शरण में पहुंचा और गुम इंसान कायम कराकर पत्नी को तलाशने की गुहार लगाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला कोहनिया निवासी बाला प्रसाद जाटव 38 वर्ष मेहनत मजदूरी करता है 25 मई को मजदूरी करने के लिए शहर आया हुआ था जब लौटकर वापिस गांव पहुंचा तो घर पर पत्नी कौशल्या बाई को नहीं पाया, माता-पिता से जानकारी लेने पर पता चला कि शाम 5 बजे से कौशल्या का पता नहीं है सभी जगह तलाशने रिश्तेदारों में ढूंढने के बाद भी जब वह नहीं मिली तो 28 मई को गुम इंसान कायम कराया गया, लेकिन अभी तक पत्नी का सुराग नहीं मिलने पर थाना प्रभारी की शरण में पहुंचकर पत्नी को ढूंढने की गुहार लगाई है।
थाना प्रभारी राजपाल सिंह जादौन का कहना है कि गुम इंसान कायम कर महिला की तलाश की जा रही है।



