मानव अधिकार आयोग ने लिया घटनाओं पर संज्ञान, कलेक्टर से मांगा जवाब
ब्यूरो चीफ : संजय द्विवेदी
गैरतगंज । रायसेन जिले के बाड़ी थानांतर्गत बारना डैम से निकली मुख्य नहर में नहाने गए दो युवकों की गुरुवार को डूबने से मौत हो गई थी। जबकि गैरतगंज तहसील के ग्राम पेनगवां में एक युवक का पत्थर बंधा शव कुएं में मिला था। इन दोनों घटनाओं को मृगांचल एक्सप्रेस ने प्रसारित किया था। जिस पर मानव अधिकार आयोग ने संज्ञान लिया गया है।
बाड़ी में बारना बांध की नहर में डूबने से बरेली निवासी सौरभ ठाकुर और लकी जैन की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई थी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों युवकों के शव को पानी से बाहर निकाला था। आयोग ने मामले में संज्ञान लेकर कलेक्टर रायसेन से प्रकरण की जांच कराकर दोनों मृतकों के वैध वारिसों को शासन की योजना नियमानुसार मुआवजा राशि देने के संबंध में की गई कार्रवाई के बारे में एक माह में जवाब मांगा है। इसी तरह गैरतगंज तहसील के पेनगवां में घर से लापता एक व्यक्ति की कुएं में संदिग्ध हालत में पत्थर से बंधी लाश मिलने के मामले में भी आयोग ने संज्ञान लेते हुए एसपी रायसेन से प्रकरण की जांच कराकर की गई कार्रवाई के संबंध में तीन सप्ताह में जबाव मांगा है। उल्लेखनीय है कि पत्रिका ने ही इन दोनो घटनाओं को शुक्रवार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।



