पानी गर्म करने वाली राड से करंट, 5 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । रायसेन जिले के बेगमगंज में एक दर्दनाक हादसा उस वक्त सामने आया जब एक 5 वर्ष की मासूम ने हाथ धोने के लिए जैसे ही बाल्टी में हाथ डाला तो पानी गर्म करने की राड जिसे इमर्शन रॉड कहते हैं के करंट की चपेट में आ गई बच्ची की चीख पुकार सुनकर परिजन दौड़े हुए पहुंचे तब माजरा समझ में आया और तत्काल मासूम को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने जांच उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
हदाईपुर निवासी सुरेंद्र जैन की करीब 5 वर्षीय पुत्री स्वस्ति जैन के साथ उक्त दर्दनाक हादसा हुआ। परिजन मासूम का पोस्टमार्टम नहीं करना चाहते थे यह बात उन्होंने अस्पताल में डॉक्टर को लिखित रूप से बताने के बाद शव को घर ले आए और पुलिस को भी पोस्टमार्टम नहीं कराने के लिए निवेदन किया। इसी बीच अस्पताल से थाने में सूचना पहुंची जिसमें मासूम को अज्ञात कारण से करंट लगने की बात कही गई। इसी बीच अंतिम संस्कार के लिए परिजन शव लेकर शमशान पहुंच गए थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर नियम अनुसार परिजनों को मासूम का पोस्टमार्टम के लिए कहा जिसको लेकर लोग थाने के सामने एकत्रित हो गए और उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया पुलिस की समझाइश के बाद वे तैयार हुए तब फिर से शव सिविल अस्पताल ले जाया गया तथा पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में शव को पलकमति वाले शमशान में दफन कर दिया।
जहां एक और परिजन यह आरोप लगाते देखे गए कि पुलिस ने पहले मूक सहमति दे दी थी बाद में पोस्टमार्टम के लिए जोर डाला वहीं पुलिस का कहना है कि पुलिस को मर्ग की सूचना मिलने पर पोस्टमार्टम करना आवश्यक था इसलिए नियम अनुसार पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया।
हादसे से उन परिवारों को सबक लेने की जरूरत है जो इमर्शन रॉड से पानी गर्म करते हैं उन्हें चाहिए कि इमर्शन रॉड बच्चों की पहुंच से दूर रखें ताकि घटना की पुनर्वर्ती ना हो सके।



