पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट

अवैध संबंध बने हत्या का कारण, पत्नी सहित तीन आरोपी दबोचे
शिवपुरी । एमपी के शिवपुरी शहर के कर्बला पुल के नीचे 6 मई को एक युवक का शव पड़ा मिला था। शव की पहचान नितिन पुत्र स्व. सुधीर शर्मा उम्र 36 साल निवासी अवध अस्पताल के सामने टीवी टॉवर के पास के रूप में हुई। एक दिन पहले ही नितिन शर्मा की पत्नी साधना ने फिजिकल थाने में अपने पति के गुम होने की शिकायत दर्ज कराई थी। नितिन शर्मा के शव पर न केवल धारदार हथियार के निशान मिले, बल्कि उसे मारने के बाद शव को जलाने का भी प्रयास किया गया। फिजिकल पुलिस ने बाद में जब मामले की छानबीन शुरू की तो पत्नी साधना के बयान ही शुरूआत से कुछ संदिग्ध मिले।
पूछताछ में पता चला कि साधना ने अपने पति को मारने के लिए नितिन शर्मा के एक रिश्तेदार शिवम पुत्र राकेश शर्मा उम्र 35 साल निवासी गोले का मंदिर ग्वालियर को बुलाया था। इसके बाद शिवम शर्मा ने अपने साथी सत्यम शर्मा निवासी ग्वालियर व दतिया के विशाल राय एवं ऑटो चालक लल्लू कुशवाह के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी साधना, उसके प्रेमी शिवम शर्मा व सत्यम शर्मा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि विशाल राय एवं ऑटो चालक लल्लू कुशवाहा अभी फरार है।
अवैध संबंधों में बाधा बनने पर की हत्या
नितिन शर्मा के घर शिवपुरी में पिछले एक साल से उसका रिश्तेदार शिवम शर्मा रह रहा था। दोनों अमोला में एक ढ़ाबा चलाते थे, इसी दौरान नितिन शर्मा की पत्नी शिवम के संपर्क में आ गई और दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए। इस बात का पता नितिन को दो माह पूर्व लगा तो नितिन का शिवम शर्मा से विवाद हुआ और उसने शिवम शर्मा को घर से भगा दिया। इसके बाद से शिवम शर्मा व साधना के बीच में नितिन शर्मा आड़े आ रहा था। फिर दोनों ने नितिन शर्मा को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
वारदात को ऐसे दिया अंजाम
शनिवार 4 मई को नितिन शर्मा दतिया में पीतांबरा माई के दर्शन करने गया था, इधर उसको मारने के लिए शिवम शर्मा ग्वालियर से पहले दतिया पहुंचा। जब वह दतिया में नितिन शर्मा को नहीं मार पाया तो शिवम शर्मा ने अपने साथी सत्यम शर्मा व विशाल राय के साथ दतिया से ऑटो किराए से किया, जिसमें ऑटो चालक लल्लू कुशवाह इन तीनों को लेकर शिवपुरी आया। रात करीब 1 बजे साधना ने घर के बाहर का गेट खोलकर रखा तथा शिवम शर्मा व सत्यम शर्मा घर के अंदर घुसे और नितिन शर्मा पर सोते समय कुल्हाड़ी से वार किया। जब वह कुल्हाड़ी के वार से नहीं मरा तो उसका गला तौलिया से घोंट दिया। बाद में उसी ऑटो में शव को लेकर कर्बला पुल के नीचे फेंक दिया।
एक लाख रुपए भी हो गए थे गायब
नितिन शर्मा को दो माह पूर्व 1 लाख रुपए मिले थे, जो उसने पत्नी साधना को दे दिए। बाद में साधना ने कहा कि रुपए चोरी हो गए। इस बात पर भी नितिन शर्मा व साधना के बीच तनाव था। बताते हैं कि मृतक साधना का पांचवा पति था। मृतक की माँ रोते हुए कह रही थी कि हमने तो पहले ही मना किया था कि इससे शादी नहीं करो, इसका चरित्र ठीक नहीं है।
इस संबंध में रजनी सिंह चौहान, थाना प्रभारी, फिजिकल शिवपुरी ने बताया कि नितिन शर्मा की हत्या में उसकी पत्नी सहित एक रिश्तेदार व अन्य लोगों का हाथ है। हमने तीन आरोपियों को पकड़ लिया है। दो आरोपी फरार है, जिन्हें जल्द पकड़ा जाएगा। अवैध संबंधो को लेकर पूरी घटना हुई है।



