लगातार चौथे दिन वर्षा का दौर जारी, आज भी नहीं खुले रास्ते
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । मंगलवार अलसुबह 4 बजे से लगातार हो रही कभी बहुत तेज तो कभी मध्यम वर्षा से नदी नाले उफान पर हैं । आज भी लगातार हो रही वर्षा के कारण पश्चिम दिशा में बहने वाली बीना नदी उफान पर रही और इस नदी से गुजरने वाले मार्गों पर 6 स्थानों बने पुल एवं रपटे जलमग्न होने से आज भी आवागमन पूरी तरह बंद रहा ।
इधर पूर्व दिशा में बहने वाली सेमरी नदी के कारण बेगमगंज महुआखेड़ा मार्ग पर ध्वाज -सागोनी के बीच पड़ने वाले झेंका नाले पर 8 फीट ऊपर पानी होने से आज शनिवार सुबह से मार्ग बंद हो गया है । जिसके कारण इस क्षेत्र के 16 गांव का सड़क संपर्क तहसील मुख्यालय से पूरी तरह से टूट गया है ।
एसडीएम सौरभ मिश्रा, तहसीलदार एसआर देशमुख अपनी टीम के साथ लगातार पेट्रोलिंग कर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं । अभी तक कहीं से किसी अप्रिय घटना का समाचार नहीं मिला है । नगर में जरूर दो कच्चे घरों की दीवार एवं दालान के धराशायी होने की खबर मिली है।
नगर में मुकरबा मोहल्ले में मुन्ना पटेल के घर की दालान एवं चुरक्का मोहल्ले में फूला बाई के घर की दीवार गिरने की सूचना मिलने पर तत्काल एसडीम सौरभ मिश्रा द्वारा तत्काल पटवारी अंकुर दुबे को मौके पर भेजा गया और कस्बा पटवारी अंकुर दुबे द्वारा स्थल निरीक्षण किए जाने के उपरांत पीड़ित पक्ष को पर्याप्त मुआवजा दिलाए जाने के लिए तहसीलदार को प्रतिवेदन दिया जा रहा है ।
इसके पूर्व नगर में वर्षा के चलते कच्चे घरों की दीवार या छप्पर गिरने के 10 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिनका पटवारी दुबे द्वारा स्थल निरीक्षण करने के उपरांत सर्वे कर प्रतिवेदन मुआवजे के लिए तहसीलदार को सौंप दिए हैं।
इसके अतिरिक्त ग्रामीण अंचल से भी इसी कच्चे घरों के छप्पर अथवा दीवारों के गिरने के समाचार मिले हैं। जिनका आकलन संबंधित क्षेत्र के पटवारियों द्वारा किया जा रहा है । आज दोपहर करीब 12 से 2 घंटे के लिए वर्षा कम हो गई थी , लेकिन 3 बजते- बजते पुनः जोरदार वर्षा होने लगी । सड़कों पर सन्नाटा एवं अधिकांश दुकानों का बंद रहना देखा गया ।
तहसीलदार एसआर देशमुख ने बताया कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र सहित अब तक अतिवृष्टि के कारण घरों एवं अन्य नुकसानी के करीब डेढ़ सौ आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिनका शीघ्र ही निराकरण कर संबंधित पीड़ितों को सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा दिया जाएगा।



