साप्ताहिक बाजार में जाम से हांफता उमरियापान, झंडा चौक पर आधे घंटे फंसे वाहन

बीच सड़क में बसों की लोडिंग अनलोडिंग बनी परेशानी, एम्बुलेंस भी जाम में फंसने से बढ़ी चिंता, पुलिस तैनाती की मांग
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
*उमरियापान* । ढीमरखेड़ा तहसील के उमरियापान में रविवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार में ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं । बाजार के दिन नगर में वाहनों और लोगों की आवाजाही बढ़ जाने के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है । रविवार को नगर के हृदय स्थल झंडा चौक पर बस चालकों द्वारा बीच सड़क पर बसें खड़ी कर सवारियों को उतारने-चढ़ाने तथा सामान की लोडिंग-अनलोडिंग करने से लंबा जाम लग गया । इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा ।
रविवार शाम को झंडा चौक पर करीब आधा घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, लेकिन यातायात व्यवस्था संभालने के लिए मौके पर एक भी पुलिस अधिकारी तैनात नजर नहीं आया । जाम में एम्बुलेंस के फंसने से स्थिति और गंभीर हो जाती है । स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते यातायात व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो किसी आपात स्थिति में बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है ।
*बैठकों में उठता है यातायात का मुद्दा, फिर भी नहीं हुआ समाधान*
उमरियापान थाना परिसर में जब भी पुलिस और गणमान्य नागरिकों की बैठक आयोजित होती है, तो नगर की यातायात व्यवस्था प्रमुख मुद्दों में शामिल रहती है । गणमान्य नागरिकों द्वारा कई बार झंडा चौक पर पुलिसकर्मी तैनात करने और बसों को बस स्टैंड में खड़ा कराने की मांग की जा चुकी है । इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से बाजार के दिनों में जाम की स्थिति बार-बार निर्मित हो रही है।
*त्योहारी बाजार में जेबकतरों का भी खतरा*
रक्षाबंधन के त्योहार के चलते बाजार में भीड़ और अधिक बढ़ गई है । भीड़भाड़ वाले बाजार में जेबकतरों की सक्रियता का खतरा भी बना रहता है । स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में भी बाजार में लोगों की जेब कटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं । ऐसे में बाजार के दिन पुलिस की मौजूदगी और निगरानी बढ़ाना जरूरी है ।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रविवार के साप्ताहिक बाजार के दौरान झंडा चौक पर पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं । साथ ही बस चालकों को सख्त हिदायत दी जाए कि बसें बीच सड़क पर खड़ी कर सवारी बैठाने या सामान की लोडिंग-अनलोडिंग न करें और निर्धारित बस स्टैंड में ही बसें खड़ी करें। लोगों का कहना है कि यातायात व्यवस्था सुचारू होने से बाजार में आने वाले ग्रामीणों, राहगीरों, व्यापारियों और आपातकालीन वाहनों को जाम से राहत मिल सकेगी ।



