बाल अधिकार सप्ताह के तहत कार्यशाला आयोजित, विद्यार्थियों को बाल अधिकारों और संरक्षण की दी जानकारी

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । शासकीय महाविद्यालय उमरियापान में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में बाल अधिकार सप्ताह के अंतर्गत ‘बाल अधिकार और संरक्षण’ विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया । कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपिका जैन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. अभिलाषा चौरसिया ने की ।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा । इस दौरान बाल अधिकारों के महत्व तथा बच्चों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने की आवश्यकता पर चर्चा की गई । विद्यार्थियों को बाल अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर समाज में भी इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया ।
कार्यक्रम में डॉ. दीपक चौधरी, सहायक प्राध्यापक रसायन शास्त्र, डॉ. नीम सिंह, डॉ. दिव्या शुक्ला, डॉ. सोनम साहू, डॉ. नीमा सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही ।



