25 से ज्यादा आदिवासी महिला- युवती और छात्राओं से किया दुष्कर्म

सरकारी योजना का लाभ देने के लिए फोन कर महिला की आवाज में बुलाता था आरोपी
सरगना समेत चार गिरफ्तार, सीएम ने बनाई 9 सदस्यीय एसआइटी
सीधी । एमपी के सीधी जिले के मझौली में 25 से ज्यादा आदिवासी महिला, युवती और छात्राओं से सीरियल दुष्कर्म का मामला सामने आया है। तीन साल पहले तक जबलपुर की स्टील फैक्ट्री में काम करने के बाद अमरवाह के बृजेश उम्र 30 साल पिता ददुल्ला प्रजापति ने दुष्कर्म की पटकथा लिखी। यू-ट्यूब पर आवाज बदलने वाले मैजिक ऐप की जानकारी ली। फिर महिलाएं-युवतियां और छात्राओं को ऐप के जरिए आवाज बदलकर फोन करता था। उन्हें किसी सरकारी योजना का लाभ देने का झांसा देकर दस्तावेजों की खानापूर्ति के लिए शाम को बुलाला और जंगल में दुष्कर्म करता था। इस दौरान वह चेहरा ढंके रखता था। पीड़िताओं ने उसके हाथ पर जले निशान बताए तो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा। पुलिस को अब तक दुष्कर्म के तीन और एक दुष्कर्म के प्रयास की शिकायत मिली हैं। बृजेश को चार साथियों के साथ गिरफ्तार किया है। उससे लूटे 23 मोबाइल जब्त हुए हैं। इसमें 90% फोन महिलाएं-लड़कियों के हैं। बृजेश ने 7 वारदातें कबूली हैं। पुलिस का कहना है, लूटे मोबाइल से पत्ता चलता है कि पीड़िताओं की संख्या 25 से ज्यादा है। घटना को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने नौ सदस्यीय एसआइटी बनाई है। इसकी कमान महिला डीएसपी रोशनी सिंह ठाकुर को दी है। सीएम ने 7-7 दिन में स्टेटस रिपोर्ट तलब की है। मामले में पॉक्सो एक्ट में कार्रवाई होगी।
बृजेश अर्चना मैडम बनकर महिला की आवाज में छात्राओं व युवतियों को फोन करता। वह छात्रा को छात्रवृत्ति, युवतियों को आवास तो महिलाओं को दूसरी योजना का लाभ देने का लालच देता। छात्राओं से कहता, वह घर में है और बेटे को उसे लेने बाइक से भेज रही है। सभी से पूछता वे कहां तक आ सकती हैं, इसके आगे बाद बेटा ले आएगा।
पीड़िताओं के तय स्थान तक पहुंचने के बाद बाइक लेकर आरोपी का साथी हेलमेट और ग्लब्स पहनकर पहुंचता। वह जंगल के रास्ते ले जाता था। विरोध पर वह कहता था यह शॉटकर्ट है। सभी को अकला गांव के कछरिया टोला में ले जाता। मेन रोड से 14 किमी अंदर जंगल में जर्जर भवन में युवती से 4-5 बार दुष्कर्म करता था।
फोन पर कहा, यह 18 साल की हो गई है। अब पैसा मिलेगा। दस्तावेज सत्यापन कराए। युवती चचेरी नाबालिग बहन के साथ गई। दोनों से कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िताएं दूसरे दिन घर पहुंचीं।
आरोपी भोली-भाली आदिवासी महिलाएं-युवतियों को ही निशाना बनाता था। वे आसानी से चंगुल में फंस जाती थी। उनसे फोन छीनने के बाद वाट्सऐप ग्रुप से दूसरी युवती के नंबर लेकर कॉल कर उन्हें बुलाता था।
आरोपी बृजेश के हाथ-पैर जबलपुर में स्टील फैक्ट्री में जल गए थे। वह ससुराल मड़वास में रहने लगा। कुछ दिन पहले गुजरात से आया।
जब्त 23 मोबाइल के साथ अपराध से संबंधित चार मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। आरोपी लूटे गए मोबाइल मड़वास के संदीप पिता वंशगोपाल प्रजापति उम्र 21 साल , राहुल पिता वंशगोपाल प्रजापति उम्र 24 साल, लवकुश पिता मंगल प्रजापति उम्र 23 साल की मदद से बेचता था। उक्त तीनों को भी पुलिस ने सह-आरोपी बनाया है।
माधप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि स्कॉलरशिप देने का लालच देकर गलत काम करने का मामला मेरी संज्ञान में आया है। आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। निंदनीय कार्य करने वाले आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बख्शा नहीं जाएगा।



