स्नातकोत्तर कक्षाएं प्रारंभ कराने को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री से मिले
सिलवानी। शासकीय महाविद्यालय सिलवानी में स्नातकोत्तर कक्षाएं प्रारंभ करने एवं अन्य विकास कार्यों को लेकर जन भागीदारी समिति अध्यक्ष श्याम साहू के नेतृत्व में महाविद्यालय के विद्यार्थियों के एक प्रतिनिधि मंडल ने प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की।
पूर्व लोक निर्माण मंत्री एवं सिलवानी विधायक ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत के निर्देश पर शासकीय महाविद्यालय सिलवानी के विकास कार्यों एवं एमए, बीएससी, एमएससी विषय बढ़ाने हेतु उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की । प्रतिनिधि मंडल ने उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव का गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया एवं महाविद्यालय के विकास हेतु समस्याओं से अवगत कराया। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने जल्द से जल्द विषय बढ़ाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर साथ में विधायक के निज सचिव चंदेल बाबू, जनभागीदारी अध्यक्ष श्याम साहू, विद्यार्थी आदि उपस्थित थे।



