शराब के नशे में चूर शिक्षक व भाजपा नेता ने हवाई फायरिंग कर फैलाई दहशत
सभी दहशतगर्द पुलिस गिरफ्त में, अंधमूक बायपास का मामला
रिपोर्टर : राजेन्द्र सिंह
जबलपुर । जनपद शिक्षा केंद्र के अंतर्गत प्राथमिक माध्यमिक शाला भीटा-कटंगी में पदस्य शिक्षक मुकेश दुबे एवं पाटन विधायक अजय विश्नोई का खासम खास भाजपा नेता के द्वारा धनवंतरी नगर पुलिस चौकी क्षेत्र के अंधमुक बायपास पर जन्मदिन की पार्टी में शराब के नशे में मदमस्त भाजपा नेता व शासकीय शिक्षक मुकेश दुबे ने अपनी लायसेंसी रिवाल्वर से हवाई फायर करके अंधमूक बायपास पर दहशत फैला दी, गोलियां चलने से घटना स्थल पर भगदड़ मच गई। फायरिंग की सूचना पर धनवंतरी नगर पुलिस चौकी प्रभारी सतीश झरिया अपने हमराह स्टाप के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर शिक्षक व भाजपा नेता मुकेश दुबे के साथ पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।
धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी सतीश झारिया ने बताया कि मुकेश दुबे बहुत अधिक शराब के नशे में था जिसने रिवॉल्वर से हवाई फायर किया था। पुलिस ने मौके से उसकी स्कार्पियो भी जप्त करते हुए शिक्षक मुकेश दुबे पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुकेश दुबे जनपद शिक्षा केंद्र के अंतर्गत, प्राथमिक माध्यमिक शाला भीटा-कटंगी में शासकीय शिक्षक के साथ साथ पाटन विधायक अजय विश्नोई का खासम खास माना जाता है। इसी वजह से शासकीय शाला में बच्चों को पढ़ाने नहीं जाता है। विधायक का करीबी होने के कारण शिक्षा विभाग के बड़े-बड़े अफसर भी मुकेश दुबे से थर-थर कापते है तभी तो बिना स्कूल में ड्यूटी किए घर बैठे-बैठे हजारों रुपए की पगार ले रहा है और सब कुछ जानते हुए भी शिक्षा विभाग बेखबर नजर आ रहा है।
धनवंतरी नगर पुलिस चौकी में शिक्षक व भाजपा नेता की धौंस दिखाने का प्रयास विफल…
प्रत्यक्षदर्शियों के बताए अनुसार मुकेश दुबे बिना डर के जिस अंदाज में हवाई फायरिंग कर रहा था यदि उस समय थोड़ी सी चूक एक बड़ा रूप ले सकती थी। भाजपा नेता की इस घिनौनी करतूत देख लोगों ने तत्काल इसकी सूचना धनवंतरी नगर पुलिस चौकी को दी और कुछ ही देर में पुलिस ने उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया। जब मुकेश दुबे को धनवंतरी नगर पुलिस चौकी में लाया गया तब उसके द्वारा पुलिस कर्मियों को विधायक की आड़ में रोब झाड़ने की कोशिश करी गई। लेकिन पुलिस की सख्ती के कारण शिक्षक व कटंगी क्षेत्र का भाजपा नेता के हौसले पस्त पड़ गए। हालाकि ऊपर से पुलिस पर भारी दवाब बनाया गया लेकिन पुलिस ने मुकेश दुबे के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
वही जब इस संबंध में बीएससी प्रभारी चिंतामन यादव,बीआरसी से शिक्षक मुकेश दुबे के संबंध में बात करने की कोशिश करी गई तो उनका मोबाइल रिसीव नहीं हुआ है।



