मध्य प्रदेश

आकाशीय बिजली गिरने से 14 वर्षीय किशोरी की मौत, भाई घायल

घर के आंगन में झूला झूल रहे थे दोनों भाई-बहन
सिलवानी। नगर से लगभग 10 किलोमीटर दूर ग्राम मेहगवां कलां (चौका) में रविवार को शाम एक हृदयविदारक हादसा हो गया। आकाशीय बिजली गिरने से 14 वर्षीय किशोरी देवश्री कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके रिश्ते का छोटा भाई बृजेंद्र कुशवाहा उम्र 10 साल गंभीर रूप से झुलस गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालमुकुंद कुशवाहा की पुत्री देवश्री और मनोज कुशवाहा के पुत्र बृजेन्द्र कुशवाहा के साथ घर के आंगन में झूला झूल रही थी। इसी दौरान अचानक तेज गरज और चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में दोनों बच्चे आ गए। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो देवश्री अचेत अवस्था में पाई गई, जबकि बृजेंद्र बुरी तरह झुलसा हुआ था। परिजन तत्काल दोनों को निजी वाहन से सिविल अस्पताल सिलवानी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने देवश्री को मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों के अनुसार, देवश्री पर बिजली गिरने के स्पष्ट निशान पाए गए। उसके कपड़े पूरी तरह से जल चुके थे। वहीं, घायल बृजेंद्र का इलाज के लिए जिला अस्पताल रायसेन रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि देवश्री अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी, उसके दो भाई हैं। पुत्री की अकस्मात मृत्यु से पूरा परिवार सदमे में है और गांव में शोक का माहौल छा गया है।

Related Articles

Back to top button