15 हजार की रिश्वत लेते डॉक्टर को दबोचा, कटनी में जबलपुर लोकायुक्त की कार्रवाई
विकलांग सर्टिफिकेट बनाने के एवज में मांगे थे 40 हजार
ब्यूरो चीफ : सतीश चौरसिया
कटनी । विकलांग सर्टिफिकेट 20 प्रतिशत से 40 प्रतिशत बनाने के एवज में 15 हजार रूपए की रिश्वत लेते हड्डी रोग विशेषज्ञ जिला चिकित्सा अधिकारी जिला कटनी को जबलपुर लोकायुक्त ने रंगे हाथों दबोच लिया। पकड़े गए डॉक्टर के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया।
जानकारी के मुताबिक शंकरलाल कुशवाहा पिता तेजीलाल कुशवाहा निवास ग्राम आमगवा तहसील रीठी जिला कटनी ने जबलपुर लोकायुक्त एसपी संजय साहू से शिकायत करते हुए बताया कि हड्डी रोग विशेषज्ञ जिला चिकित्सा अधिकारी जिला कटनी डॉ. पुरुषोत्तम दास सोनी पिता स्व रामसिया सोनी द्वारा विकलांग सर्टिफिकेट 20 से 40 प्रतिशत बनाने के लिए 40 हजार रुपए की मांग की गई। शिकायत की जांच के बाद मंगलवार को पहली किश्त 15 हजार रुपए लेकर डाक्टर पुरुषोत्तमदास सोनी के निवास स्थान पर संचालित क्लीनिक पहुंचा जहां पर डाक्टर को 15 हजार रुपए दिए तभी लोकायुक्त टीम के डीएसपी दिलीप झरबड़े, इंस्पेक्टर कमलसिंह उईके, नरेश बेहरा सहित अन्य सदस्यों ने दबिश देकर डाक्टर को रंगे हाथ पकड़ लिया।



