उमरियापान में निकली 211 मीटर लंबी विशाल चुनरी यात्रा, जयकारों से गूंजा नगर

बड़ी माई को लाल और मां महाकाली को काली चुनरी अर्पित कर श्रद्धालुओं ने की सुख-समृद्धि की कामना
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। आदिशक्ति मां जगदंबा की आराधना के पावन पर्व शारदीय नवरात्र के पंचमी अवसर पर गुरुवार को उमरियापान में भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। मां के प्रति श्रद्धा और आस्था से ओतप्रोत इस यात्रा में बड़ी संख्या में माताएं, बहनें और श्रद्धालु शामिल हुए । बैंड-बाजों और भक्तिमय माहौल के बीच निकली 211 मीटर लंबी चुनरी यात्रा से पूरा नगर भक्तिमय हो गया ।
चुनरी यात्रा की शुरुआत सुबह 8 बजे वार्ड क्रमांक 8 स्थित मचखंडा मोहल्ला के बड़ी माई मंदिर से हुई। यहां से श्रद्धालु 211 मीटर लंबी लाल चुनरी लेकर बैंड-बाजों के साथ निकले । यात्रा नगर के कटरा बाजार, चंडी माता मंदिर, न्यू बस स्टैंड और झंडा चौक से होते हुए प्राचीन बड़े देवालय मंदिर पहुंची । यहां विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर मां बड़ी माई को 211 मीटर लंबी लाल चुनरी अर्पित की गई । श्रद्धालुओं ने माता रानी के जयकारे लगाते हुए परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की ।
इसके बाद श्रद्धालुओं ने 211 मीटर लंबी काले रंग की चुनरी के साथ यात्रा निकाली । यह यात्रा चंडी माता मंदिर परिसर में बने पंडाल पहुंची, जहां विराजमान मां महाकाली को विधिवत पूजन के साथ चुनरी अर्पित की गई । धार्मिक परंपरा और श्रद्धा के साथ आयोजित इस चुनरी यात्रा का समापन मां महाकाली के पूजन के साथ हुआ ।
*बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल*
विशाल चुनरी यात्रा में सरपंच अटल ब्यौहार, प्रमोद असाटी, रामा असाटी, पिक्कू असाटी, अतुल असाटी, मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया, मोहन चौरसिया, दिनेश चौरसिया, सुभाष गुप्ता, गोलू सोनी, जयप्रकाश चौरसिया, कान्हा सोनी, अंकित झारिया, जगमोहन चौरसिया, अशोक चौरसिया, अखिलेश कटारिया, दिनेश असाटी, मनोज असाटी, मनीष असाटी, राजेश कटारिया, खन्ना गुप्ता, विजय सोनी, विक्की सोनी, विनोद चौरसिया, राजकुमार चौरसिया, शल्लू चौरसिया और मनोज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे ।
*यातायात व्यवस्था बनाए रखने पुलिस रही मुस्तैद*
चुनरी यात्रा के दौरान नगर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस स्टाफ मौजूद रहा । पुलिस की मौजूदगी में यात्रा निर्धारित मार्ग से निकाली गई और धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ ।



