25 अगस्त को कुशवाहा समाज मनाएगा लव कुश जन्मोत्सव
घर-घर जाकर किया जा रहा आमंत्रित
सिलवानी। कुशवाहा समाज के आराध्य भगवान लवकुश का जन्मोत्सव गुरूवार को मनाए जाने को लेकर कुशवाहा समाज समिति के द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जाकर समाजजनों को आमंत्रित किया जा रहा है। साथ ही बैठक आयोजित कर युवा कार्यकर्ताओं को व्यवस्था का दायित्व भी सौंपा जा रहा है। बीते दो साल से कोरोनाकाल में लगी बंदिशों के कारण समाज के द्वारा कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जा सके थे। लेकिन कोरोना की सभी बंदिशों के हटने तथा वैक्सीनेशन हो जाने से समाजजनों के द्वारा इस बार भगवान लवकुश जन्मोत्सव उत्साह के साथ मनाए जाने को लेकर तैयारी की जा चुकी है। कुशवाहा समाज समिति के तहसील अध्यक्ष राजेश कुशवाहा व जन्मोत्सव कार्यक्रम अध्यक्ष रामकिशोर कुशवाहा ने बताया कि 25 अगस्त गुरूवार को भगवान लवकुश जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस मौके पर कुशवाहा धर्मशाला से सुबह 10 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी जो कि बजरंग चौराहा, पुराना बस स्टेण्ड, शिवाजी नगर, तहसील होते हुए राॅयल पार्क मैरिज गार्डन पहुंचेगी। जहां पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



