स्कूल परिसर में 9वीं के छात्र की 8वीं के छात्र ने चाकू मारकर कर दी हत्या

दो दिन पहले दी थी मोबाइल पर धमकी
ब्यूरो चीफ : मनीष श्रीवास
जबलपुर । एमपी के जबलपुर में 9वीं के छात्र की स्कूल कैंपस में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। स्कूल की छुट्टी होते ही 8वीं के छात्र ने उस पर हमला कर दिया। आरोपी ने दो दिन पहले भी मोबाइल पर जान से मारने की धमकी दी थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
वारदात जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर शहपुरा थाना क्षेत्र के नटवारा गांव में गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे की है। लहूलुहान हालत में छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां से जबलपुर मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। यहां शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक छात्र की पहचान रोहित प्रजापति उम्र 16 साल के रूप में हुई है। 15 साल का आरोपी 8वीं में पढ़ता है।
शहपुरा थाना प्रभारी जितेंद्र पाटकर ने बताया, रोहित प्रजापति नटवारा गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ता था। गुरुवार शाम 4:30 बजे स्कूल की छुट्टी हुई। सभी बच्चे घर जाने के लिए ग्राउंड में खड़े थे। इसी दौरान 8वीं में पढ़ने वाले 15 साल के लड़के ने रोहित के पेट में चाकू मार दिया। इसके बाद भाग गया। स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचा। पुलिस और घायल छात्र के परिजन को सूचना दी।
घायल को तुरंत शहपुरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। यहां उसकी मौत हो गई। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। टीआई ने बताया कि अभी परिजन से पूछताछ नहीं हो सकी है। आरोपी नाबालिग छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में उपयोग किए गए चाकू को भी जब्त किया गया है। विवाद की असल वजह की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक अभी तक की पूछताछ में पता चला है कि दो दिन पहले दोनों छात्रों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी ने रोहित को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी।
रोहित के साथ स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों ने पुलिस को बताया, दोपहर में दूसरे पीरियड के बाद रोहित मैदान में घूम रहा था। उसी दौरान आरोपी भी बाहर आया था। यहां दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। पास में मौजूद दोस्तों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। लंच के दौरान आरोपी स्कूल से घर पहुंचा। अपने बैग में चाकू लेकर आया। स्कूल की छुट्टी होते ही रोहित के पास पहुंचा और उसके पेट में चाकू घोंप दिया।
चाकू लगते ही रोहित जमीन पर गिर गया। आरोपी ने भी भागने की कोशिश की। वहां मौजूद छात्रों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह चाकू लहराते हुए धमकाने लगा। लोगों ने चाकू छीनकर उसे पकड़ लिया।
छात्रों के परिजन का आरोप है कि स्कूल में पदस्थ तीन टीचर समय पर नहीं आते। गुरुवार दोपहर भी जब छात्रों का विवाद हुआ था, उस समय टीचर नहीं थे। अगर स्कूल में टीचर होते, तो विवाद नहीं होता।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि मृतक रोहित प्रजापति के पिता अशोक प्रजापति महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं। जबलपुर में वह चाचा-चाची के साथ रहता था। आरोपी छात्र पुलिस गिरफ्त में है। विवाद की मुख्य वजह का पता किया जा रहा है। घटना के बाद से आरोपी छात्र भी गुमसुम है। इधर, कलेक्टर के निर्देश पर शिक्षा विभाग और पुलिस की टीम मौके पर भेजी गई है।



