क्राइम

हरदा पटाखा हादसा : फैक्ट्री मालिक राजेश अग्रवाल सारंगपुर में पुलिस ने किया गिरफ्तार

13 लोगों की हुई थी मौत, 125 से अधिक घायल
भोपाल। एमपी के हरदा में हुए भीषण हादसे का गुनहगार राजेश अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पटाखा फैक्ट्री का मालिक राजेश अग्रवाल हादसे के बाद फरार हो गया था। वह उज्जैन के रास्ते मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश और दिल्ली को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे से आगे बढ़ रहा था। पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के बाद मक्सी में दबिश दी, लेकिन अग्रवाल वहां से निकल चुका था। इसके बाद एक टीम ने राजगढ़ जिले के सारंगपुर में हाईवे पर उसे पकड़ लिया।
13 लोगों की मौत
दरअसल, मंगलवार को हरदा के बैरागढ़ में स्थित पटाखा फैक्ट्री में अचानक चिंगारी उठी और देखते ही देखते भीषण विस्फोट हुआ है। यह धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज 25 किलोमीटर दूर तक सुनी गई। इस विस्फोट में कई लोग बुरी तरह झुलस गए। हादसे के कई वीडियो भी सामने आए। विस्फोट के बाद सड़कों पर लाशें बिछ गई। गाड़ियां जल कर राख हो गई। लोगों के घर उजड़ गए। इस दर्दनाक घटना में अब तक कुल 13 लोगों की मौत हो चुकी है।
125 से अधिक घायल
सूत्रों के मुताबिक, इस दर्दनाक घटना में करीब 140 लोग प्रभावित हुए हैं। 125 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हादसे मे कई लोगों के चीथड़े उड़ गए। मौके की तस्वीर काफी हृदय विदारक थी। बताया जा रहा है कि मौतों के आंकड़े में इजाफा हो सकता है। बीच-बीच में अभी पटाखे की आवाज आ रही है। स्थानीय लोगों में हादसे को लेकर आक्रोश है। कई परिवारों के लोग लापता है। चश्मदीदो का दावा कई लोग मलबे में अभी भी दबे हुए है।
तीन सदस्यीय जांच समिति गठित
घटना के तुरंत बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने संज्ञान लिया और तीन सदस्यीय जांच समिति के गठन के आदेश जारी किए। मध्य प्रदेश सरकार ने तीन सदस्य जांच कमेटी का गठन किया है। गृह प्रमुख सचिव संजय दुबे की अध्यक्षता में समिति हादसे की जांच करेगी। जयदीप प्रसाद आईपीएस और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी आरके मेहरा को सदस्य बनाया गया है।

Related Articles

Back to top button