रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात शव की हुई पहचान, ललितपुर जिले का निवासी निकला युवक

दर्शन करने अकेले गया था बागेश्वर धाम
रिपोर्टर : मनीष यादव
टीकमगढ़ । शहर के देहात थाना क्षेत्र के नयाखेरा गांव के पास तीन दिन पहले रेलवे ट्रैक के पास मिले अज्ञात युवक की शुक्रवार को पहचान हो गई है। युवक की पहचान 20 वर्षीय राना ठाकुर निवासी जखौरा पिपरा थाना ललितपुर के तौर पर की गई। आज उसके परिजनों को बुलाकर युवक का पीएम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
देहात थाना प्रभारी रवि गुप्ता ने बताया कि 14 मई को नयाखेरा रेलवे ट्रैक के पास अज्ञात युवक का शव मिला था। पूछताछ के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। युवक की डेड बॉडी को पीएम कक्ष के फ्रीजर में सुरक्षित रखवाया गया था। साथ ही युवक की पहचान के लिए आस पास के थानों में सूचना जारी की गई थी।
जिसके चलते आज यूपी के ललितपुर जिले के जखौरा पिपरा निवासी बब्बू सिंह ने देहात थाने में संपर्क किया। उन्होंने युवक की पहचान अपने बेटे के तौर पर की है। उन्होंने बताया कि 14 मई को उनका बेटा बागेश्वर धाम दर्शन करने गया था। लौटते समय ट्रेन से गिरकर उसकी मौत हो गई।
युवक के परिजनों का कहना है कि वह अकेले ही दर्शन करने गया था। उसके साथ और कोई नहीं था। इसलिए घटना के बारे में जानकारी नहीं लगी। समाचार पत्रों के माध्यम से आज ही इस बारे में सूचना मिली। इसके बाद देहात आने पहुंचकर पुलिस से संपर्क किया।
पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा
देहात थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में आज युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसा किन कारणों से हुआ। फिलहाल इस मामले की जांच की जा रही है।



