मुरम की अवैध उत्खनन परिवहन का कारोबार जमकर चल रहा, राजस्व, माइनिंग अधिकारियों को तो सिर्फ कमाई से मतलब, आखिर कार्यवाही करे कौन
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। रायसेन तहसील के मेहगांव में रब्बी बघेल के खेत के समीप एक मुरम की खदान में अवैध रूप से एक जेसीबी मशीन एक पोकलिन मशीन से दिन रात मुरम का अवैध उत्खनन विदिशा के खनिज माफियाओं द्वारा जमकर धड़ल्ले से किया जा रहा है। यह अवैध मुरम उत्खनन कार्य विदिशा के खनिज माफिया अनिल झा उनके साथियों द्वारा किया जा रहा है। क्योंकि अनिल झा और संजय बिल्डिंग मटेरियल्स सप्लायर ने 80 डंपर मुरम का ठेका लिया है। हालांकि खनिज विभाग रायसेन के अधिकारी आरके मैथिल और माइनिंग इंस्पेक्टर राजीव कदम को भी शिकायत की गई है।शुक्रवार को मोबाइल फोन पर भी जानकारी देने की कोशिश की गई।किंतु उक्त दोनों जिम्मेदार अधिकारियों ने फोन रिसीव नहीं किया।
जमकर की जा रही वसूली…
ऐसा लगता है कि जिला खनिज विभाग के अधिकारियों ने खनिज माफियाओं को मुरम भसुआ, काली मिट्टी बोल्डर पत्थर परिवहन करने की खुली छूट दे रखी है। बताया जाता है कि मेहगांव क्षेत्र धनियाखेड़ी उमरिया रब्बी बघेल के खेत के पास मुरम खदान में अवैध मुरम खनन बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। बताया गया है कि विदिशा के अनिल झा ने 80 डंपर मुरम का ठेका लिया है। इसीलिए उसने राजीव कदम को इसके बदले में लाखों रुपये की मोटी रकम देकर सेटिंग कर ली है। मालूम हो कि माइनिंग इंस्पेक्टर राजीव कदम पिछले कई सालों से जमे हुए हैं। ग्रामीणों ने कलेक्टर अरविंद दुबे, खनिज अधिकारी आरके कैथल से मेहगांव में हो रही मुरम खदान पर उत्खनन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की है। ताकि शासन को हो रही राजस्व नुकसान की चपत पर रोक लग सके।
इस संबंध में अरविंद कुमार दुबे कलेक्टर रायसेन का कहना है कि अवैध उत्खनन अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनिज माफिया चाहे जो भी हो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।



