90 साल की सुपर दादी, साइकिल के सफर से कर रहीं लोगों को हैरान
जबलपुर । आज के आधुनिक समय में जहां लोग साइकिल से दूरी बना रहे हैं, वहीं जबलपुर शहर के गढ़ा क्षेत्र में रहने वाली 90 वर्षीय शांतिबाई रोजाना दस किमी साइकिल चलाती हैं। वे जीविका चलाने के लिए बंगले में काम भी करती हैं। उम्र के इस पड़ाव में भी काम के प्रति उनका मोह कम नहीं हुआ है। वे घर पर अकेली रहती हैं। उनके पास गोद ली हुई एक बेटी है। वर्षों पहले वे उसकी शादी कर जिम्मेदारियों से मुक्त हो चुकी हैं।
कभी बाधा नहीं बनी उम्र
वर्तमान समय में खुद को सेहतमंद रखने के लिए लोग एक्सरसाइज और योग का सहारा लेते हैं। लेकिन, शांतिबाई इस उम्र में भी साइकिल चलाकर खुद को सेहतमंद रहने के साथ दूसरों को भी सकारात्मक संदेश दे रही हैं। उन्होंने शादी नहीं की। साक्षर भी नहीं हैं, इसलिए लोगों के घरों में काम करके ही जीविका चलाती हैं। वे जिस उम्र में काम कर रही हैं, वह युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
इस उम्र में भी नहीं लगा चश्मा
बदलती जीवनशैली के कारण कम उम्र के बच्चों को भी चश्मा लगने लगा है, लेकिन उम्र के इस पड़ाव में भी उन्हें चश्मा नहीं लगा। वे घर के सभी काम बिना किसी समस्या के पूरा करती हैं। वे कहती हैं अच्छे स्वास्थ्य के लिए साइकिलिंग जरूरी है।
परिवार का कहना अब आराम करें
शांति के परिवार में गोद ली हुई बेटी और उनके बच्चे हैं। नातिन भी शांति के साथ समय बिताती हैं। लेकिन अब बढ़ती उम्र के कारण परिवार के लोग शांति को आराम करने की सलाह देते हैं। काम के जुनून के चलते शांति फिर भी घर से निकल पड़ती है।



