कृषिमध्य प्रदेश

अधिकारियों पर भारी पड़ रहा देवरी मंगेला समिति प्रबंधक, पचपेढ़ी बेयर हाउस की नहीं दे रहा चाबी

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । पद सहायक समिति प्रबंधक का, रुतबा किसी मंत्री से कम नहीं, खुद को बहुत बड़ा नेता भी मानते हैं….। हम बात कर रहे है देवरी मंगेला में पदस्थ सहायक समिति प्रबंधक की जो जिले में पदस्थ आला अधिकारियों पर भारी पड़ रहा है और शासन द्वारा बनवाये गये बेयर हाऊस को खुद का समझ रहे है और पचपेढ़ी स्थित बेयर हाऊस की चाबी देने से स्पष्ट मना कर रहे है।
स्मरण रहे कि इस बार समर्थन मूल्य पर मूंग-उड़द की खरीदी के लिये झिन्ना पिपरिया स्थित बेयर हाऊस में केन्द्र बनाया गया था लेकिन वहां पर व्याप्त अव्यवस्थाओं के कारण विभागीय अधिकारियों द्वारा पचपेढ़ी में बने बेयर हाऊस से खरीदी करने के लिये आदेशित किया गया। इस संबंध में किसानों को भी अवगत कराया गया और पिछले सोमवार से खरीदी किया जाना सुनिश्चत किया गया लेकिन जैसे ही किसान पचपेढ़ी बेयर हाऊस में अपनी उपज लेकर पहुंचे तो देवरी मंगेला समिति प्रबंधक का माथा ठनक गया और उनके द्वारा किसानों के साथ अभद्रता की गई और संबंधित खरीदी प्रभारी को चाबी देने से स्पष्ट मना कर दिया गया। सवाल यह उठता है कि उक्त बेयर हाऊस यदि देवरी मंगेला क्षेत्र के अंतर्गत आता है तो क्या उक्त बेयर हाऊस में खरीदी का क्षेत्राधिकार सिर्फ देवरी मंगेला सोसायटी को है और यदि इस तरह की कोई बात है तो बेयर हाऊस के बाहर इस संबंध में एक बोर्ड लगा देना चाहिये। चूंकि उक्त बेयर हाऊस शासन द्वारा बनवाया गया है जिसमें आवश्यकतानुसार किसी भी सोसायटी को आवंटित किया जा सकता है। यहां पर यह उल्लेखनीय है कि पूर्व में पचपेढ़ी में मूंग-उड़द के लिये खरीदी केन्द्र बनाया गया था जहां पर उक्त महोदय ने जमकर चांदी काटी और इस बार केन्द्र हाथ से निकल गया जिस कारण से उक्त महोदय आग बबूला है और वर्तमान केन्द्र प्रभारी को किस तरह से परेशान किया जाये इसके लिये तरह-तरह के घटनाक्रम निर्मित किये जा रहे है।
झिन्ना पिपरिया बेयर हाऊस संचालक की मनमानी
उल्लेखनीय है कि पूर्व में झिन्ना पिपरिया में बनाये केन्द्र में बेयर हाऊस के संचालक की मनमानी और व्याप्त अव्यवस्था के कारण पचपेढ़ी स्थित बेयर हाऊस में खरीदी के लिये आदेशित किया गया था लेकिन देवरी मंगेला समिति प्रबंधक की हठधर्मिता के कारण उमरियापान मंडी से खरीदी करना पड़ रही है और उमरियपान मंडी परिसर में जगह कम होने के कारण पूरा परिसर मूंग-उड़द की खरीदी से भर गया है।
खीचतान में किसान बन गया फुटबाल
ढीमरखेड़ा तहसील में मूंग-उड़द के लिये बनाये गये एक मात्र केन्द्र को आवंटित होने के बाद जिस तरह की खीचतान सामने आई है इससे किसान फुटबाल बन गया है और कई किसान तो यह भी कह रहे है कि इस बार अनाज ले आये लेकिन दोबारा समर्थन मूल्य पर नहीं बेचेंगे। किसान की ये बेबसी ऐसे ही नहीं निकल रही बल्कि परेशान और प्रताड़ित होने के कारण किसान ऐसा कह रहा है।
अभी तक मात्र 1250 क्विटल की खरीदी
झिन्ना पिपरिया बेयर हाऊस संचालक की मनमानी के कारण इस बार मूंग-उड़द की खरीदी प्रभावित हुई है और अभी तक मात्र 1250 क्विटल ही खरीदी उमरियापान मंडी में की गई है जिसका परिवहन एवं भंडारण आज दिनांक तक नहीं किया गया है और पूरा मूंग-उड़द खुले में रखा हुआ है। वहीं दूसरी ओर बारिश का मौसम भी चल रहा है जिससे कभी भी बारिश होने के कारण किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ सकती है।
इस संबंध में नदीमा शीरी एसडीएम ढीमरखेड़ा का कहना है कि कलेक्टर साहब के यहां फाईल गई हुई है। जल्द ही बेयर हाऊस का ताला खुलवाया जायेगा।

Related Articles

Back to top button