खेल

मुख्यमंत्री ने किया हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर का आत्मीय स्वागत, विवेक को DSP बनाये जाने की हुई घोषणा

भोपाल । टोक्यो ओलिंपिक में भारत को मेन्स हॉकी प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज दिलाने वाले हॉकी टीम के प्लेयर विवेक सागर भोपाल लौट चुके हैं। राजधानी भोपाल पहुंचने पर भारतीय हॉकी टीम के सदस्य विवेक सागर का आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निवास पर विवेक का मिठाई खिलाकर स्वागत किया एवं ओलिंपिक में बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी। इस दौरान खेल मंत्री यशोधरा राजे भी वहां मौजूद रहीं। बाद में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विवेक सागर के साथ स्मार्ट सिटी पार्क में पौधारोपण किया। आज प्रदेश सरकार मिंटो हॉल में एक विशेष कार्यक्रम में विवेक सागर को सम्मानित करने जा रही है। मुख्यमंत्री शिवराज ने विवेक के परिवार को बधाई देते हुए उनके लिए घर बनाने की घोषणा भी की, जिसके खर्चा राज्य सरकार उठाएगी। इसके साथ ही विवेक को मप्र का DSP बनाये जाने का भी एलान किया।
खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया विवेक को लेने पहुंची एयरपोर्ट
इसके पहले विवेक सागर का भोपाल पहुंचने पर गुरुवार को राजा भोज एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया एवं खेल विभाग के अधिकारियों ने विवेक की आत्मीय अगवानी की। विवेक एयर इंडिया की नियमित दिल्ली उड़ान से सुबह 7:30 बजे भोपाल पहुंचे। उनकी अगवानी के लिए खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया कुछ समय पहले ही एयरपोर्ट पहुंच गई थीं। साई के डायरेक्टर सत्यजीत संकित, खेल विभाग के डायरेक्टर पवन जैन, जॉइंट डायरेक्टर विनोद प्रधान एवं बीएस यादव सहित खेल अकादमी के सदस्यों ने विवेक का भव्य स्वागत किया। खेल अकादमी से जुड़े सदस्यों ने एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही विवेक पर पुष्पवर्षा कर ढोल धमाकों के बीच उनका अभिनंदन किया। उत्साही युवाओं ने विवेक को कंधे पर उठाकर विजय मुद्रा में अभिनंदन किया।
मैडल देख भावुक हुईं खेल मंत्री
एयरपोर्ट पर खिलाड़ी विवेक सागर ने जब अपना मेडल खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया को सौंपा तो वे भावुक हो उठीं। खेल मंत्री ने मेडल को पहले अपने मस्तक से लगाया फिर मैडल विवेक के गले में पहनाया। इस वक्त उनकी आंखें खुशी से नम हो गईं। जब विवेक सागर से पूछा गया कि अगली बार स्वर्ण पदक लाएंगे तो विवेक सागर का कहना था कि जी हां, मैं मैडल का कलर चेंज करना चाहूंगा। उनकी इस बात पर खेल मंत्री ने खुशी व्यक्त करते हुए करतल ध्वनि से विवेक की बात का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अब शुरुआत तो हो गई। विवेक सागर ने आसमान को छू लिया। दूसरे खिलाडियों के लिए वे रोल मॉडल बन गए हैं। अन्य खिलाड़ियों को चाहिए कि वे भी विवेक सागर की तरह आसमान को छुएं।

Related Articles

Back to top button