क्राइममध्य प्रदेश

बाइक सवार परिवार को ट्रॉले ने 200 मीटर तक घसीटा, मां-बेटे ने घटनास्थल पर ही तोड़ा दम

सांची का एक परिवार हुआ दुर्घटना का शिकार
देवी दर्शन कर लौट रहा था परिवार, पिता- पुत्री घायल

रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी

विदिशा । सोमवार को परिवार के सुख समृद्धि और लंबी उम्र की कामना से परवरिया में देवी दर्शन कर लौट रहे रायसेन जिले की सांची के एक परिवार पर आफत टूट पड़ी। दोपहर करीब एक बजे विदिशा में बायपास पर सौठिया मोड़ के पास एक ट्राले ने देवी दर्शन कर बाइक से लौट रहे इस परिवार को बाइक समेत अपनी चपेट में ले लिया और पूरे परिवार की खुशियां पल भर में ही बिखर गई। बाइक ट्राले में फंस गई और करीब दो सौ मीटर घिसटती चली गई। इस हादसे में मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता और बेटी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परवरिया में देवी दर्शन कर लौट रहे रायसेन के तजपुरा, सांची निवासी कल्याणसिंह यादव अपनी पत्नी और पुत्र-पुत्री के साथ वहां से निकल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ट्रॉले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, बाइक ट्रॉले में ही फंस गई और सुनीता यादव तथा उनका चार साल का बेटे डुग्गू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों के शव करीब दो सौ मीटर तक घिसटते चले गए। जबकि बाइक चालक कल्याण सिंह और उनकी छह साल की बेटी वंशिका गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल कल्याण सिंह ने बताया कि हम देवी दर्शन कर लौट रहे थे, कि ये हादसा हो गया। कल्याणसिंह का परिवार तजपुरा का रहने वाला है, लेकिन वह विदिशा में ही किराए से रह रहा था। वह मजदूरी करके अपना परिवार पालता था। हादसे के बाद ट्राले का चालक गाड़ी वहीं छोडक़र भाग खड़ा हुआ। बायपास पर यह दर्दनाक हादसा देखते हुए आने-जाने वाले वाहन चालक रुक गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
इसी दौरान वहां से सांसद रमाकांत भार्गव, वरिष्ठ नेता मुकेश टंडन और भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश सिंह जादौन का निकलना हुआ तो हादसा देखकर वे भी रुके और घटना की जानकारी ली और दुख जताया।

Related Articles

Back to top button