चने की भाजी खाने से एक ही परिवार के सात लोग बीमार, उल्टियां होने पर इलाज के लिए लाया गया जिला अस्पताल
ब्यूरो चीफ : भगवतसिंह लोधी
तेजगढ़ । ठंड का मौसम आते ही लोग चने की भाजी को बड़े चाव के साथ खाते हैं, लेकिन दमोह जिले के तेजगढ़ थाना के परासई गांव में इसी चने की भाजी को खाने से एक ही परिवार के सात लोग बीमार हो गए। जब उन्हे लगातार उल्टियां होना शुरू हुई तब आनन-फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया जहां इलाज के बाद सभी की हालत में सुधार है। पीड़ितों के स्वयं के खेत की भाजी खाने से यह हुआ है। जिला अस्पताल में इलाज रत 60 वर्षीय कोमल अहिरवार के भतीजे ने बताया कि मंगलवार की रात वह अपने खेत से यह चने की भाजी तोड़कर लाया था। जिसे घर की महिलाओं के द्वारा बनाया गया और उसके बाद पूरे परिवार ने भोजन किया।करीब एक घंटे बाद परिवार के लोगों को सिर में दर्द होने के साथ ही उल्टियां होना शुरू हुआ परिवार के सात सदस्यों की हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद 108 की सहायता से सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया जहां डाक्टरों के द्वारा सभी का इलाज शुरू किया गया। जिन लोगों की सेहत बिगड़ी है उनमें कोमल अहिरवार के साथ ही अंगूरीबाई 50 वर्ष, रानी 25 वर्ष, सरोज बाई 25 वर्ष, राजेंद्र 3 वर्ष, गीता बाई 3 वर्ष और प्रमोद दो वर्ष शामिल हैं। इलाज के बाद सभी की सेहत में सुधार है।जिस चने की भाजी को खाने से परिवार के सात लोगों की सेहत बिगड़ी है हो सकता है कि चने की फसल पर जो कीटनाशक दवा का छिड़काव किया जाता है वह चने की भाजी के पत्तों पर चिपका रहा हो और धाेने के बाद भी न निकला हो और इसे खाने के बाद एक-एक लोगों को उल्टियां होने लगी।



