फ्री सेनेटरी पैड दिलाने निकला ‘पैडमैन’ साइकिल से की 47 जिलों की यात्रा

सरकार से महिलाओं को निशुल्क सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने 6 दिसम्बर से यात्रा पर संकल्प लेकर निकले सुरेंद्र
सिलवानी । अक्षय कुमार की फिल्म ‘पैडमैन’ की तर्ज पर महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए सेनेटरी पैड के उपयोग की अलख जगाने के लिए नर्मदापुरम के सुरेंद्र बामने ने संकल्प लिया। सुरेंद्र बामने एमपी के अलग- अलग करीब 47 जिलों में पहुंचकर महिलाओं को सेनेटरी पैड के लिए जागरूक करने और सरकार द्वारा निशुल्क सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने के लिए 6 दिसम्बर से साइकिल यात्रा पर निकले हैं। इस यात्रा में अब तक 47 जिलों में यात्रा कर सोमवार को सिलवानी पहुंचे। उन्होंने नगर की महिलाओं को सेनेटरी पैड के लिए जागरुक किया।
साइकिल यात्रा के दौरान महिलाओं को सेनेटरी पैड के बारे में जागरुक कर रहे सुरेंद्र बामने अक्षय कुमार की फिल्म ‘पैडमैन’ की याद दिला रहे हैं। फिल्म में अक्षय कुमार ने ऐसे ही महिलाओं को सेनेटरी पैड के बारे में जागरूक करने का बीड़ा उठाया था और इसमें उन्हें सफलता मिली थी, ऐसी ही कुछ उम्मीद लेकर सुरेन्द्र भी साइकिल यात्रा कर रहे हैं। वह नर्मदापुरम के केसला ब्लॉक के ग्राम अमराई के रहने वाले हैं। सुरेन्द्र के पिता मजदूरी करते हैं और मां नहीं है। वे दर्शन शास्त्र से एमए कर रहे हैं, सुरेन्द्र बामने महिलाओं को उनके अधिकारों और उनसे जुड़े विषयों को लेकर जागरूक करने के उद्देश्य से मप्र के सभी जिले के लिए साइकिल यात्रा पर निकले हैं।
प्रदेश के इन जिलों तक साइकिल से पहुंच चुके
सुरेन्द्र बामने ने 6 दिसंबर 2023 को नर्मदापुरम से साइकिल यात्रा की शुरुआत की। हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, उज्जैन, देवास, जबलपुर, नरसिंहपुर, दमोह, रतलाम समेत 47 जिलों की यात्रा कर चुके हैं।



