देश विदेश

राजकोट में गेम जोन में आग, 24 की मौत, ज्यादातर बच्चे, बढ़ सकता है मौत का आंकड़ा

अस्थायी परिसर ढहा, 15 बच्चों को बचाया, सीएम भूपेंद्र पटेल ने दिए राहत-बचाव कार्य के निर्देश
पुलिस ने आरोपी संचालकों को हिरासत में लिया

राजकोट । गुजरात के राजकोट शहर के नाना मौवा इलाके में स्थित टीआरपी गेम जोन में शनिवार को अचानक आग लग गई जिसमें 24 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में अधिकतर बच्चे बताए जाते हैं जो यहां गेम खेलने आए थे। झुलसने से मौत होने के चलते मृतकों की पहचान करने में भी मुश्किल हो रही है। मौत का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। करीब 15 बच्चों को बचा भी लिया गया। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। पुलिस ने आरोपी गेमजोन संचालकों को हिरासत में ले लिया है।
गेमिंग जोन अस्थायी परिसर में बनाया गया था जो आग लगने के बाद लगभग पूरी तरह ढह गया। मौके पर दमकल अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है कि लेकिन परिसर ढह जाने के कारण बचाव में काफी दिक्कतें आ रही हैं। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
कांग्रेस ने फायर सेफ्टी पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने जिला कलेक्टर, मनपा आयुक्त और पुलिस आयुक्त से फोन पर बातचीत की। गेम जोन की आग में तत्काल बचाव व राहत कार्य के लिए राजकोट मनपा व जिला कलक्टर प्रशासन को निर्देश दिए हैं। घायलों को उपचार में प्राथमिकता देने को कहा है। वहीं, गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि हाईकोर्ट के बार बार कहने के बाद भी फायर सेफ्टी के लिए भाजपा सरकार कदम नहीं उठाती है।
पांच साल पहले भी हुआ था हादसा
राज्य में 5 साल के बाद सूरत के तक्षशिला से बड़ा अग्निकांड हुआ है। सूरत में 24 मई, 2019 को तक्षशिला आर्केड की अवैध रूप से निर्मित चौथी मंजिल पर चल रही एक ट्यूशन क्लास में आग लग गई थी। उस घटना में 22 छात्रों की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हुए थे।

Related Articles

Back to top button