गौशाला का पशु आहार खेत में मिलाः एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर की जांच

सरपंच ने कहा गौशाला का संचालन समूह कर रहा है, मुझे षडयंत्र पूर्वक फंसाया जा रहा है।
सिलवानी । जनपद पंचायत सिलवानी के साईखेड़ा की सरकारी गौशाला का पशु आहार बड़ी मात्रा में खेत में जमीन के अंदर गड़ा हुआ मिलने का मामला सामने आया है। इसके बाद अधिकारी मौके पर जांच पड़ताल करने पहुंचे। सिलवानी एसडीएम प्रकाश नायक घुटने घुटने पानी से निकल कर कच्चे रास्ते को पार कर 2 किलोमीटर पैदल चल कर खेत पर पहुंचे और पशु आहार की जांच कर जब्ती व पंचनामा की कार्यवाही कर उच्चाधिकारियो को अवगत कराया।
ग्राम पंचायत सांईखेड़ा में स्थित सरकारी गौशाला को शासन से प्राप्त हुए पशु आहार को पशुओं को ना खिलाया एक खेत में दबा कर रखे जाने की शिकायत पर एसडीएम प्रकाश नायक शुक्रवार की रात्रि अमले के साथ जांच के लिए पहुंचे। खेत पर पहुंचने के लिए बरसते पानी में अमले को कीचड़, कच्चे व पानी भरे रास्ते से होकर करीब 2 किलो मीटर पैदल चल कर खेत तक जाना पड़ा। खेत में पशु आहार की जांच कर पंचनामा की कार्रवाई की गई।
एसडीएम प्रकाश नायक ने बताया कि सांईखेड़ा ग्राम के पास एक खेत में पशु आहार दबे होने की शिकायत पर जांच करने के लिए अमले के साथ पहुंचे। यहां पर पशु आहार पाया गया, कुछ खुदाई करने पर पशु आहार निकला जिससे दबे होने की पुष्टि हुई। पशु आहार किसका है, खेत में कैसे आया, क्यो दबाया, यह जांच का विषय है। जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है।
सीईओ नीलम रायकबार ने कहा कि सांईखेड़ा ग्राम पंचायत की गौशाला का पशु आहार खेत में दबे होने की शिकायत प्राप्त हुई थी, एसडीएम के द्वारा मौके पर पहुंच कर पशु आहार खेत में दबे होने के मामले में कार्रवाही की गई है।
खेत राधेश्याम रघुवंशी का होना बताया जा रहा हैं। प्रशासन उक्त मामले की निष्पक्ष जांच कराएगा या मामले को ठंडे बस्ते में डाल कर कर्तव्य की इतिश्री कर लेगा।
इस संबंध में माधवसिंह रघुवंशी सरपंच ग्राम पंचायत साईखेड़ा का कहना है कि मेरे खेत में जो पशु आहार मिला है, वो किसका है और क्यों गड़ाया? इसकी जांच चल रही है। सचिव के वित्तीय अधिकार कलेकटर महोदय छीनने लेने के बाद से सचिव द्वारा षडयंत्र कर मुझे फंसाया जा रहा है। गौशाला के संचालन की जिम्मेदारी प्रकाश स्व सहायता समूह को 1 जुलाई 2024 को सौप दी है।
वही सचिव हनुमत सिंह रघुवंशी का कहना है कि जो पशु आहार खेत में मिला है उसकी जांच एसडीएम द्वारा की जा रही है, जांच दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा।
खबर को वीडियो में देखने के लिए क्लिक कीजिए



