एक प्रयास म्यूजिकल ग्रुप ने कैंसर पीड़ित को दी सहायता, बढ़ाया मनोबल

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सामाजिक सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक प्रयास म्यूजिकल ग्रुप ने कैंसर पीड़ित वीरसिंह अहिरवार पुत्र मुन्ना अहिरवार, निवासी ईश्वर नगर चुरक्का को आर्थिक सहायता प्रदान की और उनका मनोबल बढ़ाने का सराहनीय कार्य किया।
डॉ. जितेंद्र सिंह तोमर ने पीड़ित से मुलाकात करते हुए कहा कि जीवन में कठिनाइयां आती हैं, लेकिन हमें उनसे हार नहीं माननी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सकारात्मक सोच और धैर्य से इस बीमारी को हराया जा सकता है।
ग्रुप सदस्य पवन दुबे ने कहा कि एक प्रयास म्यूजिकल ग्रुप हर संभव सहायता के लिए उनके साथ खड़ा है। उन्होंने पीड़ित को प्रेरित किया कि आत्मबल और संघर्ष से यह बीमारी निश्चित रूप से समाप्त होगी।
ग्रुप संयोजक विक्रमसिंह ठाकुर ने परिवार को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि कैंसर अब सामान्य बीमारियों में गिना जाता है और सही देखभाल एवं इलाज से मरीज जल्दी स्वस्थ हो सकता है। परिवार को सलाह दी गई कि वे निरंतर आत्मविश्वास और सकारात्मक माहौल बनाए रखें।
संगीत से सेवा का संकल्प:- एक प्रयास म्यूजिकल ग्रुप अपने संगीत कार्यक्रमों से एकत्रित धनराशि को असहाय और जरूरतमंद कैंसर पीड़ितों की सहायता में लगाता है। यह कार्य न केवल सामाजिक जागरूकता फैलाने का माध्यम है, बल्कि मानवता के प्रति एक गहरी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
इस अवसर पर ग्रुप के सदस्य संदीप कंडया, नीलेश मिश्रा, लक्ष्मणसिंह गुर्जर, भरत हरेरामा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। समूह के इस प्रयास की क्षेत्र में सराहना हो रही है।



