धार्मिकमध्य प्रदेश

हिंदू उत्सव समिति ने गणेश उत्सव समितियां की बैठक आयोजित कर दिए आवश्यक निर्देश

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । नगर में गणेश उत्सव की तैयारियों को लेकर हिंदू उत्सव समिति के कार्यालय पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की शुरुआत गणेश वंदना और पूजन से की गई। इसके बाद समिति के अध्यक्ष जितेंद्र तोमर ने गणेश उत्सव समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अध्यक्ष तोमर ने कहा कि नगर की सभी गणेश उत्सव समितियों का पंजीयन हिंदू उत्सव समिति कार्यालय में अनिवार्य रूप से कराया जाए। साथ ही बिजली व्यवस्था का कार्य अनुभवी लोगों को ही सौंपा जाए ताकि कोई दुर्घटना न हो। डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर केवल धार्मिक भजन बजाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक समिति में रात्रि के समय कम से कम तीन सदस्य अवश्य मौजूद रहकर निगरानी करेंगे, जिससे व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चल सकें।
बैठक में यह भी तय किया गया कि इस वर्ष भी मूर्ति सजावट, झांकी सजावट और विद्युत सजावट पर प्रथम पुरस्कार दिया जाएगा। लेकिन इसके साथ ही नवाचार करते हुए इस बार विशेष रूप से स्वच्छता पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। अध्यक्ष तोमर ने कहा कि जिन समितियों के पंडाल और झांकियों के आसपास साफ-सफाई की व्यवस्था उत्तम रहेगी, उन्हें स्वच्छता का प्रथम पुरस्कार दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और अनुशासन का भी संदेश देता है। इसलिए समितियां नियमों का पालन करते हुए उत्सव को सफल बनाने में सहयोग दें। बैठक में हिंदू उत्सव समिति के पदाधिकारियों सहित गणेश उत्सव समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button