राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर कार्यशाला का आयोजन

सिलवानी। शासकीय महाविद्यालय सिलवानी में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्यामलाल साहू एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोहर पंथी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के महाविद्यालयीन प्रभारी डॉ. लक्ष्मीकांत नेमा ने सभी शिक्षकों को नीति के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 से लागू होने वाले नवीन पाठ्यक्रम को किस प्रकार कक्षा शिक्षण में प्रभावी रूप से लागू किया जाए। साथ ही उन्होंने सीसीई (निरंतर समग्र मूल्यांकन), फील्ड प्रोजेक्ट्स, एवं इंटर्नशिप के क्रियान्वयन की प्रक्रिया पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यशाला में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, वाणिज्य संकाय, विज्ञान संकाय एवं कला संकाय के स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, आउटसोर्स कर्मचारी, क्रीड़ा अधिकारी आदि उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने कार्यशाला में सक्रिय रूप से भाग लिया एवं नई शिक्षा नीति को लेकर अपने विचार एवं जिज्ञासाएं भी साझा कीं।
प्राचार्य डॉ. मनोहर पंथी ने सभी उपस्थितजनों को इस महत्वपूर्ण विषय पर जागरूकता एवं सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों की निरंतरता बनाए रखने की बात कही।



