सिलवानी में आठवें पोषण माह का आयोजन, महिलाओं और बच्चों को दिया गया पोषण परामर्श

सिलवानी। एकीकृत महिला एवं बाल विकास परियोजना सिलवानी के अंतर्गत आठवें राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया गया। यह विशेष अभियान 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक चलेगा, जिसका उद्देश्य समुदाय स्तर पर पोषण के प्रति जागरूकता फैलाना और महिला एवं बाल स्वास्थ्य को सशक्त बनाना है।
इसी क्रम में बम्होरी सेक्टर अंतर्गत खरैरी आंगनवाड़ी केंद्र में भी पोषण माह के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री माताओं और बच्चों को पोषण परामर्श, स्वास्थ्य जांच और संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सेक्टर प्रभारी एवं पर्यवेक्षक मानकुवर प्रजापति तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। स्थानीय महिलाओं एवं बालिकाओं ने सक्रिय रूप से भागीदारी करते हुए पोषण संबंधी जानकारी प्राप्त की। आंगनवाड़ी केंद्र पर पोषण आहार, स्वास्थ्य जांच और आवश्यक पूरक पोषण खाद्य सामग्री के वितरण की व्यवस्था भी की गई।
राष्ट्रीय पोषण माह का यह आयोजन ग्रामीण समुदाय को स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से सरकार का लक्ष्य है कि समाज की जड़ों तक पोषण का संदेश पहुंचे और कुपोषण को जड़ से खत्म किया जा सके।



