मध्य प्रदेश

सिलौंडी के जनशिक्षक संतोष बर्मन की उत्कृष्ट सेवा का सम्मान

कलेक्टर-विधायक ने किया गौरवांवित
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । सिलौंडी क्षेत्र में जनशिक्षक के रूप में उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाएं देने वाले जनशिक्षक संतोष बर्मन को जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया गया । यह सम्मान कलेक्टर आशीष तिवारी, जिला पंचायत सीईओ तथा विधायक संदीप जायसवाल के करकमलों से प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने संतोष बर्मन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए नवाचार, विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में दिए गए योगदान की सराहना की । वक्ताओं ने कहा कि जनशिक्षक संतोष बर्मन ने अपने कर्तव्यनिष्ठ कार्य, अनुशासन और समर्पण से सिलौंडी क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा दी है ।
विधायक संदीप जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे कर्मठ शिक्षकों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बनता है । वहीं जिला कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने भी श्री बर्मन के कार्यों को उदाहरणीय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान प्राप्त करने पर जनशिक्षक संतोष बर्मन ने सभी अतिथियों और शिक्षा विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे आगे भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे ।

Related Articles

Back to top button