मध्य प्रदेश

सुमधुर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों व प्रतियोगिताओं ने बांधा समां

वंशज ग्लोबल हाइट्स स्कूल का वार्षिक महोत्सव संपन्न
सिलवानी । नगर के शैक्षणिक संस्थान वंशज ग्लोबल हाइट्स स्कूल में वार्षिक महोत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समारोह में विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिली, जिसने क्षेत्र में विद्यालय की नई पहचान स्थापित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वन परिक्षेत्र अधिकारी आदर्श मिश्रा, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश राय, थाना प्रभारी पूनम सविता, समाजसेवी अशोक राय एवं पुनीत समैया द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अतिथियों का विद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ देकर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीतों, नृत्य. नाटिकाओं एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। छोटे-छोटे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की वार्षिक गतिविधियों और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। समारोह में शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने विद्यालय के अनुशासन, उच्च शिक्षा स्तर एवं समर्पित शिक्षकों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यहां पर अभिभावकों के लिए आयोजित खेल प्रतियोगिताएं कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं, जिनमें उत्साह पूर्वक भागीदारी देखी गई। इससे विद्यालय और अभिभावकों के बीच सशक्त संबंधों की झलक मिली। संचालन चंचल शेखावत एवं सोनिका रघुवंशी ने किया। विद्यालय के संचालक जलज राय के नेतृत्व में आयोजित इस आयोजन की नगरवासियों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Back to top button