होली और रंगपंचमी के त्योहार को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न
सिलवानी। आगामी होली एवं रंगपंचमी के पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसडीएम हर्षल चौधरी, तहसीलदार सुधीर शुक्ला, टीआई पूनम सविता सहित प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडसीएम हर्षल चौधरी ने कहा कि होली आपसी भाईचारे और प्रेम का पर्व है, जिसे सभी नागरिक मिल-जुलकर मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
पुलिस विभाग की ओर से बताया गया कि त्योहार के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहेगा तथा गश्त बढ़ाई जाएगी। डीजे, जुलूस और रंगपंचमी के जुलूसों के लिए निर्धारित मार्गों और समय का पालन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति तथा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता पर भी चर्चा की गई।
समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत करते हुए आपसी समन्वय और शांति बनाए रखने का भरोसा दिलाया। अंत में सभी ने एक स्वर में त्योहार को हर्षोल्लास के साथ लेकिन जिम्मेदारीपूर्वक मनाने का संकल्प लिया।
बैठक में महेश नामदेव, हिन्दू उत्सव समिति अध्यक्ष रानू सोनी, राहुल नामदेव बजरंग दल, हीरा कुशवाहा, राघवेंद्र कुशवाहा, संजय मस्ताना, संदीप शर्मा, सलीम काजी, कौसर खान, इलियाज ताज, मुन्ने मेकानिक आदि उपस्थित रहे।



