अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर वृद्धाश्रम में बुजुर्ग मातृशक्तियों का भव्य सम्मान, होली मिलन समारोह संपन्न

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर झिंझरी जेल के पास स्थित बच्चन नायक वृद्धाश्रम धाम में बुजुर्ग मातृशक्तियों के सम्मान में आत्मीय भव्य समारोह एवं होली मिलन रंगोत्सव का आयोजन किया गया । यह कार्यक्रम विशेष मानव अधिकार परिषद एवं सर्वधर्म जनसेवा मंच समिति, मध्यप्रदेश कटनी के संयुक्त तत्वावधान में समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ ।
कार्यक्रम की शुरुआत मंचासीन अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई । कार्यक्रम का सफल संचालन अधिवक्ता शिखा पांडेय ने किया । इसके बाद वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्ग मातृशक्तियों का रोली तिलक, पगड़ी और मोतियों की माला पहनाकर आत्मीय एवं भव्य रूप से सम्मान किया गया । यह सम्मान अधिवक्ता पूनम रैदास एवं समाजसेवी रेखा अंजू तिवारी द्वारा किया गया ।
इस अवसर पर मानवाधिकार परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष रामकुमार द्विवेदी ने कहा कि महिला सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हर दिन महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए, क्योंकि महिलाएं समाज की आधारशिला हैं।
समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि बेटियों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें अच्छा इंसान बनाना भी जरूरी है, ताकि वे अपनी सक्रिय भागीदारी से नए भारत के निर्माण में योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि महिलाओं का समर्पण, संघर्ष और प्रेम समाज को मजबूती प्रदान करता है और वे कोमलता एवं सशक्तिकरण का अद्भुत संगम हैं।
कार्यक्रम के अंत में मानवाधिकार परिषद कटनी के जिला महामंत्री दिलीप कोटक ने आभार व्यक्त किया । समापन अवसर पर सभी अतिथियों और बुजुर्गों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली मिलन मनाया और सभी के जीवन के मंगलमय एवं सुरक्षित रहने की कामना की।
कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी सुश्री सपना भूमि रैदास, मानवाधिकार परिषद युवा शक्ति जिला अध्यक्ष तरुण गुप्ता, पी.सी. सोनी, राम सखी, सावित्रीबाई, शांति सचदेवा, दीपा विश्वकर्मा, शीला कुमारी, ममता ताम्रकार, शकुन यादव, गीता मिश्रा, शकुंतला खरे, अब्दुल समद, गोपाल खटीक, अनिरुद्ध पटेल, पृथ्वीराज सचदेवा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



