ब्राह्मण समाज के पंडित राहुल पाण्डेय बने युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष

रिपोर्टर: सतीश चौरसिया
उमरियापान । जिले के सामाजिक एवं संगठनात्मक परिदृश्य में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण निर्णय सामने आया । अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज, मध्यप्रदेश द्वारा युवा नेतृत्व को सशक्त करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पंडित राहुल पाण्डेय को युवा मोर्चा (कटनी) का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष पंडित पुष्पेंद्र मिश्रा एवं युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित अजय तिवारी की अनुशंसा पर की गई है । यह जिम्मेदारी 7 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगी तथा आगामी तीन वर्षों तक राहुल पाण्डेय इस पद का दायित्व संभालेंगे।
कटनी जिले के ढीमरखेड़ा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोड़ी कला बी निवासी पंडित राहुल पाण्डेय लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं । युवाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़, संगठनात्मक क्षमता एवं समाजसेवा के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है ।
मनोनयन पत्र में उल्लेख किया गया है कि राहुल पाण्डेय से अपेक्षा की जाती है कि वे अपनी नेतृत्व क्षमता के बल पर ब्राह्मण समाज को संगठित करेंगे और समाजहित के कार्यों को नई गति प्रदान करेंगे।
नियुक्ति के पश्चात पंडित राहुल पाण्डेय ने प्रदेश अध्यक्ष पंडित पुष्पेंद्र मिश्रा, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित अजय तिवारी तथा जबलपुर संभाग प्रभारी पंडित अजय पाण्डेय के प्रति आभार व्यक्त किया । उन्होंने कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है, वे उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और समाजहित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे ।



