सिलौंडी सेंट्रल बैंक में कैश की किल्लत, हजारों उपभोक्ता परेशान

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । क्षेत्र के एकमात्र सेंट्रल बैंक में लगातार कैश की कमी से हजारों उपभोक्ता इन दिनों भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। सिलौंडी सहित आसपास के लगभग 40 गांवों के लोगों के खाते इसी बैंक में होने के कारण समस्या और गंभीर हो गई है। बताया जा रहा है कि महीने में करीब 10 से 12 दिन बैंक में नगद राशि उपलब्ध नहीं रहती, जिससे ग्राहकों को बार-बार खाली हाथ लौटना पड़ता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बुधवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार में क्षेत्रभर से ग्रामीण खरीददारी के लिए सिलौंडी पहुंचते हैं, लेकिन बैंक से नगद राशि नहीं मिलने के कारण उनकी खरीददारी प्रभावित हो रही है। इससे न केवल आम उपभोक्ता बल्कि व्यापारी, किसान और पेंशनधारी भी खासे परेशान हैं।
ग्राहकों का कहना है कि सिलौंडी में केवल एक ही बैंक होने के चलते उन्हें अन्यत्र जाने का विकल्प भी नहीं मिल पाता, जिससे उन्हें मजबूरी में इधर उधर भटकना पड़ता है। लगातार बनी इस स्थिति से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने संबंधित बैंक प्रबंधन और प्रशासन से जल्द से जल्द पर्याप्त कैश उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।



