एसडीएम का मंडी में औचक निरीक्षण, किसानों के भुगतान में समय पर करने के निर्देश

सिलवानी। बुधवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं भारसाधक अधिकारी, मंडी समिति सिलवानी हर्षल चौधरी द्वारा कृषि उपज मंडी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मंडी प्रांगण में संचालित व्यापारियों के इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों की जांच की गई, जिससे तौल प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान घोष विक्रय (नीलामी) व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने व्यापार संघ के अध्यक्ष एवं अन्य व्यापारियों के साथ बैठक कर किसानों द्वारा बेची गई उपज का भुगतान निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को उनकी उपज का मूल्य समय पर मिलना प्राथमिकता है।
मंडी में किसानों तथा हम्माल/तुलावटियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही, शिकायत निवारण को प्रभावी बनाने के लिए मंडी सचिव एवं नोडल अधिकारी के मोबाइल नंबर प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने व्यापारियों को यह भी निर्देशित किया कि किसानों के भुगतान से काटी गई हम्माली की पूरी राशि संबंधित हम्मालों और तुलावटियों को समय पर दी जाए।
निरीक्षण के दौरान मंडी व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने और किसानों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।



