सिलौंडी के शासकीय स्कूलों का शानदार परीक्षा परिणाम, 12वीं में 100%

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । सिलौंडी के शासकीय बालक हायर सेकंडरी स्कूल एवं शासकीय कन्या हाई स्कूल ने इस वर्ष कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम दर्ज कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है । दोनों ही स्कूलों के परिणामों से विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है ।
संकुल प्राचार्य चंद्रकुमार परसवार ने जानकारी देते हुए बताया कि शासकीय बालक हायर सेकंडरी स्कूल में कक्षा 12वीं का परिणाम शत-प्रतिशत रहा । कुल 65 छात्रों में से सभी 65 छात्र उत्तीर्ण हुए । इस परीक्षा में मयंक साहू (93.8%), सनिल (90%) और हर्ष मेहता (84.5%) ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
वहीं कक्षा 10वीं में कुल 55 छात्रों में से 54 छात्र पास हुए, जिससे विद्यालय का परिणाम 98.72% रहा। इस कक्षा में प्रशांत काछी (96.6%), शुभ राय (95.4%) और सुमित काछी (92.4%) टॉपर्स रहे । विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय पूरे स्टाफ के समर्पण और विद्यार्थियों की मेहनत को दिया है ।
इसी प्रकार शासकीय कन्या हाई स्कूल का परीक्षा परिणाम भी सराहनीय रहा । कक्षा 12वीं में कुल 80 छात्राओं में से 77 छात्राएं उत्तीर्ण हुईं, जबकि कक्षा 10वीं में 78 में से 75 छात्राएं पास हुईं ।
कक्षा 12वीं में श्रीम राय ने 90.2% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं श्रुति गौतम 90% अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं । कक्षा 10वीं में करिश्मा मरावी ने 96.4% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि साक्षी सेन ने 95% अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
शासकीय कन्या हाई स्कूल के प्राचार्य विशाल वरकड़े ने इस उपलब्धि का श्रेय पूरे शिक्षकीय स्टाफ और छात्राओं की मेहनत को दिया।



