प्रभारी मंत्री के अनुमोदन के बाद विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह को मिली नई जिम्मेदारी

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह के अनुमोदन उपरांत बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह को पशु चिकित्सा विभाग तथा खाद, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की जिला समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है ।
जानकारी के अनुसार विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय रहकर आमजन की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और उनके निराकरण के लिए लगातार प्रयासरत हैं । संगठन के प्रति उनकी सक्रियता, जनसंपर्क और क्षेत्रीय मुद्दों पर गंभीरता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है ।
पशु चिकित्सा विभाग की जिला समिति में सदस्य बनने से जिले में पशुपालकों से जुड़े विषयों, पशु उपचार सेवाओं, टीकाकरण अभियान एवं विभागीय योजनाओं की निगरानी और क्रियान्वयन में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है । वहीं खाद, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की समिति में शामिल होने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली, खाद्यान्न वितरण, उपभोक्ताओं की समस्याओं तथा आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता जैसे मुद्दों पर भी उनकी सक्रिय भागीदारी रहेगी ।
विधायक हमेशा क्षेत्र के किसानों, गरीब परिवारों और आम नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हैं तथा विकास कार्यों को लेकर लगातार प्रयास करते रहते हैं ।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह को शुभकामनाएं दीं ।
इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं समर्थकों ने प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी दिए जाने से संगठन और शासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है ।



