धनवाही में पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे ग्रामीण, एक माह से बंद पड़े नल

भीषण गर्मी में पेयजल संकट गहराया, दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर लोग
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । आदिवासी बाहुल्य ग्राम पंचायत कचनारी के अंतर्गत आने वाले गांव धनवाही में इन दिनों गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है । भीषण गर्मी के बीच गांव के लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान हैं । स्थिति यह है कि गांव में लगे नल पिछले लगभग एक माह से बंद पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है ।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में नियमित जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो चुकी है । कई परिवार सुबह से लेकर देर शाम तक पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते रहते हैं । गांव के दामोदर, प्रह्लाद सिंह एवं शैतान सिंह ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ जल संकट और गहरा गया है । लोगों को दूर स्थित हैंडपंपों और अन्य स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है ।
ग्रामीण महिलाओं और बुजुर्गों की परेशानी सबसे अधिक बढ़ गई है । महिलाओं को घर के कामकाज छोड़कर दूर से पानी ढोना पड़ रहा है, जबकि छोटे बच्चों और बुजुर्गों को भीषण गर्मी में पानी की कमी के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है । ग्रामीणों का कहना है कि पर्याप्त पानी नहीं मिलने से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है तथा पशुओं के लिए भी पानी की समस्या खड़ी हो गई है ।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग एवं जिम्मेदारों को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया ।
ग्राम वासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बंद पड़े नलों को चालू कराया जाए तथा वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके ।



